Ayurvedic Tips For Body Detox In Hindi: त्योहारों पर मिठाइयों का सेवन, तले स्नैक्स और देर रात की पार्टियां… ये सब मिलकर शरीर पर भारी पड़ जाते हैं। कई बार पेट फूल जाता है, नींद ठीक से नहीं आती और थकान भी बनी रहती है। ऐसे में जरूरी है कि हम अपने शरीर को थोड़ा आराम दें और उसे अंदर से क्लीन करें। आयुर्वेदिक डॉक्टर दीक्षा भवसार (BAMS Ayurveda) ने कुछ आसान और नेचुरल तरीके बताए हैं, जिनसे आप त्योहारों के बाद शरीर को बिना किसी सख्त डाइट या दवा के डिटॉक्स कर सकते हैं। आप बस 5-7 दिन इन आदतों को अपनाकर बहुत फायदा पा सकते हैं। चलिए जानते हैं एक्सपर्ट के बताए ये डिटॉक्स टिप्स..
1. सुबह की शुरुआत गुनगुने पानी और नींबू से करें
सुबह उठते ही सबसे पहला काम करें - एक गिलास गुनगुना पानी पीएं जिसमें आधा नींबू निचोड़ा हो। इससे पाचन सुधरता है और शरीर की गंदगी बाहर निकलने लगती है। अगर इसमें एक चुटकी हल्दी डाल लें तो यह लिवर की सफाई में और मदद करता है। यह बहुत आसान लेकिन असरदार तरीका है दिन की शुरुआत को हेल्दी बनाने का।
2. दिन में दो बार पिएं हर्बल टी
त्योहारों में ज़्यादा मीठा और तला हुआ खाने से पाचन गड़बड़ा जाता है। ऐसे में तुलसी, अदरक या जीरा-धनिया-सौंफ की चाय पीना बहुत फायदेमंद रहता है। ये चाय पेट को हल्का करती है, गैस कम करती है और शरीर में जमा टॉक्सिन्स निकालने में मदद करती है। आप चाहें तो इसे सुबह और शाम दोनों वक्त पी सकते हैं।
3. कुछ दिन हल्का और ताजा खाना खाएं
भारी और मसालेदार खाने से कुछ दिनों का ब्रेक दें। खिचड़ी, सूप या स्टीम की हुई सब्जियां खाएं। ये आसानी से पच जाती हैं और पाचन को दोबारा बैलेंस करती हैं। कोशिश करें कि खाना ताजा और गर्म हो। ठंडा या बासी खाना डिटॉक्स के समय बिल्कुल न खाएं।
4. मीठा और तला-भुना खाने से दूरी बनाएं
त्योहारों के बाद लिवर को थोड़ा आराम देना जरूरी है। कम से कम 4-5 दिन तक मिठाई, समोसा, चिप्स, कोल्ड ड्रिंक और तली चीजें न खाएं। इससे शरीर को खुद को साफ करने का मौका मिलता है और एनर्जी वापस आने लगती है। जितना नैचुरल खाएंगे, उतनी जल्दी असर दिखेगा।
5. सुबह करें ऑयल पुलिंग
सुबह उठकर ब्रश करने से पहले एक चम्मच नारियल या तिल का तेल मुंह में डालकर 5-10 मिनट तक घुमाएं। इसे 'ऑयल पुलिंग' कहते हैं। इससे मुंह की सफाई होती है, बैक्टीरिया निकलते हैं और सांस भी फ्रेश रहती है। आयुर्वेद में इसे डिटॉक्स का अहम हिस्सा माना गया है।
6. रात को लें त्रिफला पाउडर
त्रिफला एक नेचुरल क्लेंज़र है जो पाचन को दुरुस्त रखता है। रात को सोने से पहले एक चम्मच त्रिफला पाउडर गुनगुने पानी के साथ लें। इससे सुबह पेट अच्छे से साफ होता है और शरीर हल्का महसूस करता है। यह बहुत पुराना आयुर्वेदिक नुस्खा है जो आज भी उतना ही असरदार है।
7. शरीर को हिलाएं-डुलाएं
त्योहारों के बाद आलस छा जाता है, लेकिन थोड़ा-सा मूवमेंट बहुत जरूरी है। सुबह के वक्त 15-20 मिनट तेज चाल में टहलें या सूर्य नमस्कार करें। इससे ब्लड सर्कुलेशन बढ़ता है और शरीर के अंदर जमा टॉक्सिन्स पसीने के साथ बाहर निकल जाते हैं।
8. पूरी नींद लें और बॉडी को रेस्ट दें
डिटॉक्स का असर तभी दिखेगा जब शरीर को पूरा आराम मिलेगा। हर रात 7-8 घंटे की गहरी नींद लें। इससे आपका दिमाग भी रिलैक्स होता है और शरीर खुद को रिपेयर कर पाता है। नींद की कमी से डिटॉक्स अधूरा रह जाता है, इसलिए रेस्ट को अपनी दिनचर्या में ज़रूर शामिल करें।
9. रोज करें प्राणायाम और गहरी सांसें लें
सांसों के जरिए भी शरीर डिटॉक्स होता है। रोज सुबह 10 मिनट 'अनुलोम-विलोम' या 'कपालभाति' करें। इससे फेफड़े साफ होते हैं, ऑक्सीजन बढ़ती है और दिमाग शांत रहता है। यह तरीका न सिर्फ शरीर बल्कि मन को भी साफ करता है।
10. मन को भी डिटॉक्स करें
डिटॉक्स सिर्फ शरीर का नहीं होता, मन का भी होता है। हर दिन कुछ पल निकालकर सोचें कि आपकी जिंदगी में क्या अच्छा है और उसके लिए आभार जताएं। यह छोटी-सी आदत आपको मानसिक रूप से हल्का और खुश रखती है। जब मन शांत होता है, तो शरीर खुद-ब-खुद हेल्दी हो जाता है।
