वायु प्रदूषण क्यों बना रहा है लोगों को हर वक्त थका हुआ, जानिए सेहत पर इसका खतरनाक असर
- Authored by: Vineet
- Updated Jan 14, 2026, 04:52 PM IST
Air Pollution Health Effects: वायु प्रदूषण सिर्फ सांस की दिक्कत नहीं बढ़ाता, बल्कि लोगों को हर वक्त थका हुआ और बीमार भी महसूस कराता है। हेल्थ एक्सपर्ट्स भी बताते हैं कि प्रदूषित हवा फेफड़ों से लेकर दिल और दिमाग तक असर डालती है। यह हमारे स्वास्थ्य को कई तरह से नुकसान पहुंचाता है। आज जानिए कैसे स्मॉग और जहरीले कण शरीर की एनर्जी कम करते हैं, इम्युनिटी गिराते हैं और रोजमर्रा की जिंदगी को चुपचाप नुकसान पहुंचाते हैं।
वायु प्रदूषण डाल रहा सेहत पर गंभीर असर
Air Pollution Health Effects: आजकल बहुत से लोग बिना ज्यादा काम किए भी हर वक्त थकान, सुस्ती और कमजोरी महसूस कर रहे हैं। नींद पूरी होने के बाद भी शरीर भारी-भारी सा लगता है और मन किसी काम में नहीं लगता। ज्यादातर लोग इसे स्ट्रेस, उम्र या लाइफस्टाइल से जोड़ देते हैं, लेकिन असली वजह इससे कहीं ज्यादा गंभीर हो सकती है। डॉक्टरों और हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि वायु प्रदूषण धीरे-धीरे लोगों की सेहत को अंदर से खोखला कर रहा है। यह सिर्फ खांसी या सांस की दिक्कत तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे शरीर की एनर्जी पर असर डाल रहा है।
वायु प्रदूषण और लगातार बनी रहने वाली थकान
एक्सपर्ट्स के मुताबिक जब हम प्रदूषित हवा में सांस लेते हैं, तो उसमें मौजूद सूक्ष्म कण सीधे फेफड़ों तक पहुंच जाते हैं। इससे शरीर को ऑक्सीजन सही मात्रा में नहीं मिल पाती। नतीजा यह होता है कि इंसान बिना मेहनत के भी खुद को थका हुआ महसूस करता है। यही वजह है कि कई लोग कहते हैं कि उन्हें पूरे दिन एनर्जी ही नहीं रहती।
फेफड़ों पर दबाव, शरीर पर असर
प्रदूषित हवा फेफड़ों में सूजन पैदा कर सकती है। जब फेफड़े ठीक से काम नहीं करते, तो दिल को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। इसका सीधा असर पूरे शरीर पर पड़ता है। व्यक्ति जल्दी हांफने लगता है, कमजोरी महसूस होती है और रोजमर्रा के काम भी बोझ लगने लगते हैं।
इम्युनिटी कमजोर होने का छुपा खतरा
डॉक्टरों की चेतावनी है कि लंबे समय तक प्रदूषण के संपर्क में रहने से इम्युन सिस्टम कमजोर हो सकता है। ऐसे लोग बार-बार सर्दी, खांसी, गले की खराश और इंफेक्शन की चपेट में आते हैं। जब शरीर लगातार बीमारियों से लड़ता रहता है, तो थकान अपने आप बढ़ जाती है।
दिमाग और मूड पर भी पड़ता है असर
वायु प्रदूषण का असर सिर्फ शरीर तक सीमित नहीं रहता। रिसर्च के मुताबिक यह दिमाग पर भी असर डाल सकता है। प्रदूषित हवा में रहने वाले लोग चिड़चिड़े, बेचैन और मानसिक रूप से थके हुए महसूस करते हैं। ध्यान लगाने में दिक्कत और काम में मन न लगना इसके आम लक्षण हैं।
पुरानी बीमारियों वाले लोगों के लिए ज्यादा खतरा
अस्थमा, सीओपीडी या दिल की बीमारी से जूझ रहे लोगों के लिए वायु प्रदूषण और भी खतरनाक साबित हो सकता है। ऐसे लोगों में थकान, सांस फूलना और हालत बिगड़ने का खतरा ज्यादा रहता है। डॉक्टर समय रहते सावधानी बरतने की सलाह देते हैं।
खुद को कैसे रखें सुरक्षित
एक्सपर्ट्स मानते हैं कि पूरी तरह प्रदूषण से बचना मुश्किल है, लेकिन कुछ सावधानियां मदद कर सकती हैं। जैसे ज्यादा प्रदूषण में बाहर निकलने से बचना, मास्क का इस्तेमाल करना और घर के अंदर हवा को साफ रखने की कोशिश करना। ये छोटे-छोटे कदम शरीर की एनर्जी और सेहत को संभालने में मदद कर सकते हैं।