हरियाणा

फरीदाबाद-नोएडा-गुरुग्राम को जोड़ेगा नया FNG, पटरियों पर दौड़ती Namo Bharat बनाएगी सफर को आसान

दिल्ली-एनसीआर के तीन प्रमुख शहरों को आपस में जोड़ने के लिए अब नमो भारत कॉरिडोर बनेगा। इसके लिए डीपीआर तैयार हो चुकी है। गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा को जोड़ने वाला नमो भारत (Namo Bharat) रैपिड रेल कॉरिडोर NCR में गुणवत्तापूर्ण सार्वजनिक परिवहन की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

Image

गुरुग्राम, फरीदाबाद और नोएडा के बीच चलेगी नमो भारत

NCR के तीन बड़े शहर फरीदाबाद, नोएडा और गाजियाबाद को आपस में जोड़ने के लिए कुछ साल पहले FNG हाइवे की परिकल्पना की गई थी। लेकिन तीनों प्रमुख शहरों को जोड़ने वाली यह परियोजना आज भी अधर में लटकी है। अब एक नया FNG बनाने की कवायद शुरू हो गई है। इस बार FNG में फरीदाबाद और नोएडा के साथ गुरुग्राम को जोड़ा गया है। यह अलग तरह का FNG रेल की पटरी पर होगा और तीनों बड़े शहर नमो भारत (RRTS) के माध्यम से आपस में जुड़ेंगे।

NCRTC ने गुरुग्राम, फरीदाबाद और नोएडा को जोड़ने वाली नमो भारत RRTS परियोजना के लिए 15000 करोड़ रुपये की डीपीआर को अंतिम रूप दे दिया है। उम्मीद की जा रही है कि 61 किमी लंबे इस कॉरिडोर के लिए दिसंबर 2026 में काम शुरू हो जाएगा और इसका निर्माण साढ़े चार साल में पूरा हो जाएगा। अधिकारियों के अनुसार इस कॉरिडोर पर गुरुग्राम और फरीदाबाद में 2-2 स्टेशन होंगे, जबकि नोएडा और ग्रेटर नोएडा में 1-1 स्टेशन होंगे।

डीपीआर के अनुसार तीन प्रमुख शहरों को जोड़ने वाले इस प्रोजेक्ट की शुरुआत गुरुग्राम में IFFCO चौक नमो भारत स्टेशन से शुरू होगी। यह कॉरिडोर यहां से पूर्व दिशा में फरीदाबाद (बाटा चौक) होते हुए नोएडा (सेक्टर 142) तथा ग्रेटर नोएडा तक पहुंचेगा। यह वही कॉरिडोर है जो दिल्ली–बावल आरआरटीएस कॉरिडोर से जुड़ने के लिए प्रस्तावित है। आगे चलकर यह ग्रेटर नोएडा में सूरजपुर नमो भारत RRTS कॉरिडोर से मिल जाएगा। सूरजपुर स्टेशन एक इंटरचेंज की तरह काम करेगा, जो गाजियाबाद-नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NIA) जेवर पर बनेने जा रहा है।

प्रस्तावित रूट के अनुसार नमो भारत ट्रेन इफ्को चौक आरआरटीएस स्टेशन से शुरू होकर मिलेनियम सिटी सेंटर और आगे ब्रिगेडियर उसमान चौक गुरुग्राम की ओर आगे बढ़ेगी। यहा से यह रूट पूर्व की ओर मुड़कर ग्वाल पहाड़ी होते हुए फरीदाबाद गुरुग्राम रोड (MDR-137) के साथ-साथ होते हुए हनुमान मंदिर/बडकल इंक्लेव पहुंचेगा। यहां से आगे नमो भारत ट्रेन शहीद भगत सिंह मार्ग के साथ-साथ चलते हुए बाटा चौक को क्रॉस करके BPTP ब्रिज की ओर आगे बढ़ेगी। यहां से नमो भारत ट्रेन अमोलिक चौक और अमृता अस्पताल की तरफ बढ़ेगी। पूर्व में FNG हाईवे के साथ आगे बढ़ते हुए नमो भारत सेक्टर 168 के पास नोएडा में एंट्री लेगी। पूर्व की तरफ आगे बढ़ते हुए नमो भारत आगे ग्रेटर नोएडा पहुंचेगी और यह सूरजपुर जंक्शन पर समाप्त होगी।

शुरुआत में इस रूट पर 6 कोच वाली 10 ट्रेनें ऑपरेट करेंगी। यहां प्रति ट्रेन की क्षमता 1928 यात्रियों की होगी, जिसमें 408 लोगों के बैठने की जगह होगी। डीपीआर के अनुसार इस प्रोजेक्ट के लिए 75 हेक्टेयर जमीन की आवश्यकता होगी। HT लीडरशिप समिट में बोलते हुए केंद्रीय आवास और शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि केंद्र सरकार दिल्ली-बावल, दिल्ली-करनाल और गुरुग्राम, फरीदाबाद व नोएडा कॉरिडोर प्राथमिकता दे रहा है।

उन्होंने कहा कि हम दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद और नोएडा को जोड़ने के लिए लगातार मास ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट्स को तेजी से पूरा करने के लिए काम कर रहा है। इससे भीड़-भाड़ कम होगी और NCR में अच्छे मास ट्रांसपोर्ट के विकल्प मिलेंगे। यह प्रदूषण कम करने में भी मददगार होगा। मंत्री ने बताया कि गुरुग्राम और द्वारका को मेट्रो के जरिए जोड़ने के लिए भी काम कर रहे हैं।

इस नमो भारत रूट पर साल 2031 में ऑपरेशन शुरू होने के साथ ही 3.84 लाख यात्री सफर करेंगे। 2054 तक इस रूट पर यात्रियों की संख्या बढ़कर 8.53 करोड़ के पार होने की उम्मीद है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article