हरियाणा

Nuh: दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर भयावह हादसा; तेज रफ्तार डंपर पुलिया से टकराया, भड़की आग, झुलसे मामा-भांजा

दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर आज सुबह एक गंभीर हादसा हुआ, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार डंपर पुलिया से टकराकर नीचे गिर गया और आग में घिर गया। स्थानीय ग्रामीणों ने मदद करने की कोशिश की, लेकिन दोनों को बचाया नहीं जा सका।

Image

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सुबह-सुबह सड़क हादसा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Delhi Mumbai Expressway Accident: आज सुबह करीब 5 बजे नूंह में दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक गंभीर सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो लोगों की जान चली गई। जानकारी के अनुसार, डंपर दिल्ली की ओर से फिरोजपुर झिरका की दिशा में जा रहा था। जैसे ही यह डंपर गुर्जर नंगला गांव के पास पहुंचा, उसकी तेज रफ्तार के कारण वह एक्सप्रेसवे पर बनी पुलिया से टकरा गया।

हादसा इतना भयानक था कि भारी डंपर पुलिया तोड़ते हुए नीचे गिर गया। गिरने के तुरंत बाद वाहन में आग लग गई और कुछ ही मिनटों में पूरा डंपर आग की भयंकर लपटों में घिर गया। पास के खेतों में काम कर रहे किसान आग देख दौड़े और मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर ड्राइवर और कंडक्टर को बचाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तेज़ लपटों के बीच कंडक्टर को सुरक्षित बाहर निकालना संभव नहीं हो सका और वह जलकर मौत के आगोश में समा गया।

दो लोगों की हुई दर्दनाक मौत

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कंडक्टर का शरीर पूरी तरह जल चुका था और केवल कंकाल ही दिखाई दे रहा था। इसी बीच, ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए ड्राइवर को किसी तरह बाहर निकाला और उसे अस्पताल ले जाने के लिए रवाना हुए। लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि रास्ते में ही ड्राइवर की मौत हो गई।

मामा-भांजे थे मृतक

दोनों मृतकों की पहचान रणजीत, निवासी नीमली, राजस्थान, और रिजवान, निवासी धोलेट के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों मामा-भांजे का रिश्ता रखते थे। फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम के लिए अल आफिया अस्पताल, मांडीखेड़ा भेजा गया है। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article