दिल्ली

इस पूरे हफ्ते जाम और डायवर्जन के लिए तैयार रहें दिल्ली वासी, ये रही ट्रैफिक एडवाइजरी

दिल्ली में ट्रैफिक जाम एक बड़ी समस्या है। अगर कोई कार्यक्रम हो जाए तो उससे पहले ट्रैफिक पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ती है, ताकि लोगों को दिक्कतें न हों। दिल्ली में आज यानी सोमवार 8 दिसंबर से 13 दिसंबर तक आपको भारी ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ सकता है। इस एडवाइजरी को जाने बिना दिल्ली में बाहर न निकलें।

153259103[1]

दिल्ली में इस हफ्ते ट्रैफिक की समस्या हो सकती है बड़ी

दिल्ली देश की राजधानी है और यहां सालभर कुछ न कुछ कार्यक्रम होते रहते हैं। कभी विदेश मेहमानों के आने से तो कभी इन कार्यक्रमों के चलते दिल्ली में ट्रैफिक डायवर्जन और अन्य व्यवस्थाएं की जाती हैं। आज यानी सोमवार 8 दिसंबर से शनिवार 13 दिसंबर तक दिल्ली में ऐसा ही एक ट्रैफिक डायवर्जन प्लान किया गया है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अमूर्त सांस्कृतिक विरासत के लिए संस्कृति मंत्रालय द्वारा लाल किले पर आयोजित होने वाले अंतरसरकारी समिति के 20वें सेशन के लिए कमर कसी है। इस दौरान ट्रैफिक प्रतिबंधों के साथ ही डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्थाओं की भी घोषणा की गई है। नेताजी सुभाष मार्ग और निषाद राज मार्ग पर भारी भीड़ और गाड़ियों की आवाजाही को मैनेज करना ही इन उपायों का मकसद है, ताकि ट्रैफिक सुचारू रूप से चलता रहे और पैदल चलने वालों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सके।

इस दौरान सुबह 8 से रात 9 बजे तक यह ट्रैफिक एडवाइजरी लागू रहेगी। कार्यक्रम के पीक आवर्स में नेताजी सुभाष मार्ग और निषाद राज मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद की जा सकती है। यह सब इस बात पर निर्भर करेगा कि वहां पर कितनी भीड़ है और सड़क पर गाड़ियों का मूवमेंट कैसा है। नीचे बताई गई जगहों पर से आपको डायवर्जन का सामना करना पड़ सकता है।

  • छत्ता रेल चौक (Chhatta Rail Chowk)
  • टी-प्वाइंट सुभाष मार्ग (T-Point Subhash Marg)
  • शांति वन चौक (Shanti Van Chowk)
  • जीपीओ चौक (GPO Chowk)
  • दिल्ली गेट (Delhi Gate)
  • हनुमान मंदिर क्रॉसिंग (Hanuman Mandir Crossing)

अगर आप पुरानी दिल्ली, लाल किला के आसपास या यहां से होकर जाने वाले हैं तो ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार ही अपनी यात्रा को प्लान करें।

पार्किंग कहां पर है

लाल किला और चांदनी चौक मार्केट आने वाले लोगों को सलाह दी जाती है कि वह निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही अपनी गाड़ियां खड़ी करें। ऑथराइज पार्किंग साइट से बाहर या सड़क किनारे गाड़ी खड़ी न करें, आपकी गाड़ी ट्रैफिक पुलिस उठा भी सकती है। पार्किंग की लिस्ट यहां नीचे दी जा रही है -

  • परेड ग्राउंड पार्किंग, नेताजी सुभाष मार्ग (Parade Ground Parking, Netaji Subhash Marg)
  • एएसआई पार्किंग, लाल किला, निषाद राज मार्ग (ASI Parking, Red Fort, Nishad Raj Marg)
  • दंगल मैदान पार्किंग, एसपीएम मार्ग (Dangal Maidan Parking, SPM Marg)
  • ओमैक्स मॉल पार्किंग, एचसी सेन रोड (Omaxe Mall Parking, HC Sen Road)
  • चर्च मिशन रोड पार्किंग (Church Mission Road Parking)

यात्रियों के लिए खास निर्देश

ट्रैफिक पुलिस ने यहां आने वाले लोगों के लिए खास एडवाइजरी जारी की है, जिसके अनुसार उन्हें इन नियमों का पालन करना चाहिए।

  • सिर्फ ऑथराइज पार्किंग में ही अपनी गाड़ी खड़ी करें। किसी अवैध पार्किंग या सड़क किनारे गाड़ी खड़ी न करें।
  • पैदल यात्री फुटपाथ या निर्धारित क्रॉसिंग का इस्तेमाल करें
  • खरीदारी करने के लिए आने वाले और यात्री ट्रैफिक पुलिस के अनुसार बताए गए नियमों का पालन करें

यहां मिल सकता है ट्रैफिक जाम

इस हफ्ते कार्यक्रम के दौरान नीचे बताई गई जगहों पर ट्रैफिक जाम की समस्या हो सकती है। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि इस दौरान वह इन मार्गों से अपनी यात्रा को हो सके तो टाल दें।

  • रिंग रोड (राजघाट से आईएसबीटी कश्मीरी गेट के बीच)
  • नेताजी सुभाष मार्ग
  • एसपीएम मार्ग
  • निषाद राज मार्ग

दिल्ली पुलिस ने वाहन चालकों को हिदायत दी है कि वह शांत रहें, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और सड़क पर मौजूद ट्रैफिक कर्मियों के साथ सहयोग कर उनके निर्देशों को मानें। रियल टाइम ट्रैफिक अपडेट के लिए आप दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की वेबसाइट, फेसबुक पेज, X हैंडल, इंस्टाग्राम के साथ ही व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर (8750871493) से जानकारी दे सकते हैं। इसके अलावा इन 1095 / 011-25844444 नंबरों पर कॉल करके भी जानकारी ले सकते हैं।

Digpal Singh
Digpal Singh author

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी... और देखें

End of Article