Ghaziabad News: कांवड़ यात्रा के लिए प्रशासन ने की ये खास तैयारी, इस बार दिखेंगे कई बड़े बदलाव

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 3, 2022, 06:26 PM IST

Ghaziabad News: 14 जुलाई से शुरू हो रही कांवड़ यात्रा को लेकर गाजियाबाद प्रशासन ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। साफ-सफाई, पानी, रोशनी व सुरक्षा को लेकर तैयारियां शुरू कर दी है। इसकी पूरी जिम्‍मेदारी नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने खुद संभाली है।

Ghaziabad News: कांवड़ यात्रा के लिए प्रशासन ने की ये खास तैयारी, इस बार दिखेंगे कई बड़े बदलाव
Photo Credit: ANI

Ghaziabad News: गाजियाबाद प्रशासन ने सावन माह में होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर तैयारी शुरू कर दी है। भोलेनाथ के प्रिय इस माह में उनके भक्‍तों में कांवड़ यात्रा को लेकर विशेष महत्व है। कोरोना के कारण बीते दो वर्षों से प्रभावित हुई इस यात्रा को लेकर भक्‍तों के साथ प्रशासन भी उत्‍साहित है। यही कारण है कि, शासन-प्रशासन के साथ नगर निगम भी यात्रा की तैयारी कर रहा है। इस यात्रा की जिम्‍मेदारी गाजियाबाद नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने खुद संभाल ली है।

बता दें कि, इस बार कांवड़ यात्रा 14 जुलाई से शुरू होकर 12 अगस्‍त तक चलेगा। नगर आयुक्त ने निर्देश जारी कर कांवड़ यात्रा के दौरान मार्ग पर पड़ने सभी वाली मीट की दुकानों को बंद रखने को कहा है। इसके अलावा इन सभी सड़कों पर सफाई के लिए भी अधिकारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, कांवड़ के दौरान करीब 100 कर्मचारी उन सभी मार्ग की साफई की जिम्‍मेदारी संभालेंगे, जहां से होकर कांवड़ यात्रा गुजरेगी।

सभी कांवड़ मार्ग होंगे रोशन

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि, कांवड़ियों को मार्ग में अंधेरे के चलते दिक्कतों का सामना न करना पड़े इसके लिए मार्ग में प्रकाश की भी व्यवस्था को दुरुस्त करने का कार्य युद्ध स्‍तर पर किया जा रहा है। इस कार्य पर निगम करीब 15 लाख रुपये खर्च कर रहा है। वहीं पानी की व्‍यवस्‍था के लिए इस दौरान नगर निगम के टैंकर हर 500 मीटर पर उपलब्‍ध रहेंगे। हालांकि बाद में जरूरत के हिसाब से इसकी संख्‍या को घटाया बढ़ाया जा सकेगा। कावड़ यात्रा जिन मार्गों से होकर गुजरनी है उन पर मौजूद गड्ढों को भरने का काम भी शुरू कर दिया गया है।

मेरठ रोड तिराहे पर तैयार हो रहा कंट्रोल रूम

नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि, लाखों कांवड़िया गाजियाबाद के रास्ते होकर राजस्थान, हरियाणा, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों की तरफ जाते हैं। दो साल बाद कांवड़ यात्रा हो रही है, इसलिए कांवड़ियों की संख्या और भी अधिक होने की संभावना है। कांवड़ यात्रा के समय किसी तरह की अव्यवस्था व असुविधा न हो इसके लिए मेरठ रोड तिराहे पर एक कंट्रोल रूम तैयार किया जा रहा है। यहां से 24 घंटे इस यात्रा और संदिग्धों पर भी नजर रखी जाएगी।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!