Faridabad Crime: फरीदाबाद में बंदूक दिखाकर नाबालिग से रेप, क्राइम ब्रांच से बचने के लिए यहां छिपा था आरोपी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 28, 2022, 08:48 PM IST

Faridabad Crime: फरीदाबाद में नाबालिग को बंदूक से डराकर दुष्‍कर्म करने और उसे अपने साथ भगा ले जाने के आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया है। पुलिस से बचने के लिए आरोपी लगातार अपनी जगह बदल रहा था। पुलिस ने आरोपी को यूपी के वाराणसी से गिरफ्तार किया।

Faridabad Crime: फरीदाबाद में बंदूक दिखाकर नाबालिग से रेप, क्राइम ब्रांच से बचने के लिए यहां छिपा था आरोपी
Photo Credit: Representative Image

Faridabad Crime: नाबालिग को बंदूक से डराकर दुष्‍कर्म करने वाले आरोपी को फरीदाबाद की क्राइम ब्रांच ने दबोच लिया है। वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी पूरे देश में लुकता छिप रहा था। लेकिन क्राइम ब्रांच से बच नहीं पाया। जिले की क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने प्रभारी राकेश कुमार के नेतृत्‍व में आरोपी को यूपी के वाराणसी से दबोचा। पुलिस ने आरोपी को फरीदाबाद के जिला कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए दो दिन का रिमांड हासिल किया है।

पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि रेप का आरोपी फरजाद उर्फ नदीम फरीदाबाद के एक गांव का रहने वाला है। इस आरोपी ने अपने पड़ोस में रहने वाली एक नाबालिग लड़की को देसी कट्टे से डरा कर उसके साथ कई बार दुष्‍कर्म किया। इसके बाद आरोपी 3 जुलाई को नाबालिग को कट्टे से डरा धमकाकर अपने साथ भगा ले गया। पीड़ित लड़की के परिजनों ने इसकी तहरीर थाना धौज में दी थी। जिसके बाद जब पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की तो वह नाबालिग के साथ देश के अलग-अलग हिस्‍सों में छिपकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश करता रहा।

पुलिस ने वाराणसी के एक होटल से दबोचा  

पुलिस प्रवक्‍ता ने बताया कि इस मामले की जांच कर रही क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 को गुप्‍त सूचना मिली की आरोपी नाबालिग के साथ असम राज्‍य में छिपा हुआ है। पुलिस ने वहां पर रेड की, लेकिन आरोपी उसके पहले ही वहां से फरार हो गया। इसके बाद आरोपी कई अन्‍य राज्‍यों में छिपता हुआ वाराणसी में आकर छिप गया। इसकी भनक क्राइम ब्रांच को लग गई। जिसके बाद एक टीम बनाकर वाराणसी भेजी गई। वहां के एक होटल से आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ पुलिस ने नाबालिग लड़की को भी बरामद कर लिया। आरोपी की मौके पर ली गई तलाशी में पुलिस को एक देसी कट्टा व 3 जिन्दा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कैब चलाता है और उसने नाबालिग को बंदूक का भय दिखाकर उसके साथ कई बार दुष्‍कर्म किया। वह नाबालिग को डराकर अपनी स्विफ्ट कार से दिल्ली ले गया, जहां पर कार खड़ी कर वह ट्रेन पकड़ कर लड़की के साथ असम चला गया।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!