एक्सप्लेनर्स

मेलानिया ट्रंप को डिपोर्ट करने की क्यों उठी है मांग? ऑनलाइन याचिका में लोगों का क्या है दावा

याचिका में दावा किया गया है कि चूंकि मेलानिया ट्रंप 'नेचुरलाइज्ड' सिटिजन हैं, ऐसे में ट्रंप यदि अपनी इस योजना को सही मायनों में लागू करने के लिए आगे बढ़ते हैं तो सबसे पहले बोट में मेलानिया और उनका परिवार होना चाहिए। याचिका में बैरन ट्रंप के 'एंकर ब्वॉय' होने और मेलानिया की मां का जन्म यूएस से बाहर होने का भी दावा किया गया है।

Image

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी हैं मेलानिया।

Melania Trump : अमेरिका से अवैध प्रवासियों को उनके देश वापस तो भेजा ही जा रहा है, अब इस मामले में एक नया मोड़ आ गया है। बात मेलानिया ट्रंप को वापस भेजने उन्हें 'डिपोर्ट' करने की मांग उठ गई है। मेलानिया ट्रंप अमेरिका की पहली महिला यानी फर्स्ट लेडी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी हैं। दरअसल, अमेरिका में एक ऑन लाइन अभियान जिसे पेटीशन कहा जाता है, शुरू किया गया है। इस पेटीशन में अमेरिकी सरकार से मांग की गई है कि वह मेलिनिया ट्रंप, उनके माता-पिता और बैरन ट्रंप को डिपोर्ट करे। चर्चा है कि ट्रंप का अगला निशाना यूएस के 'नेचुरलाइज्ड' नागरिक बनने वाले है और ट्रंप अब इन्हें डिपोर्ट की योजना बना रहे हैं। इस सबके बीच मेलानिया, उनके माता-पिता और बेटे को वापस भेजने की मांग तेज हुई है। आयरिश स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक इस अभियान को 'मूव ऑन' नाम की एक संस्था आगे बढ़ा रही है और हाल के दिनों में इस अभियान ने तेजी पकड़ी है। कई डेमोक्रेट सांसद और नेता इस मांग से जुड़े हैं।

'नेचुरलाइज्ड' सिटिजनशिप है क्या?

पेटीशन में कहा गया है कि चूंकि राष्ट्रपति 'नेचुरलाइज्ड नागरिकों' को डिपोर्ट करना चाहते हैं, तो ऐसे में उनका कदम 'तभी न्यायसंगत माना जाएगा जब ऐसे नागरिकों की डिपोर्ट करने वाली पहली बोट में मेलानिया और उनके माता-पिता सवार हों।' रिपोर्ट है कि ऐसे 'नेचुरलाइज्ड' अमेरिकी जिनका किसी आपराधिक या किसी अवैध मामले में कनेक्शन सामने आ रहा है, अमेरिका न्याय विभाग ने उनकी नागरिकता वापस लेने की कवायद शुरू कर दिया है। आखिर 'नेचुरलाइज्ड' सिटिजनशिप है क्या? अमेरिका में 'नेचुरलाइज्ड सिटिजन वह होता है जो जन्मा तो हो किसी दूसरे देश में लेकिन कानूनी प्रक्रिया के तहत वह अमेरिकी नागरिकता हासिल कर लेता है। हालांकि, इसके भी मिलने की कुछ चुनिंदा शर्तें एवं जरूरतें होती हैं, जिन्हें पूरा करना होता है। यह नागरिकता हासिल करने के लिए आवेदन करना होता है और इसे मिलने में वर्षों लग जाते हैं।

'...इसलिए मेलानिया को डिपोर्ट किए जाने की जरूरत'

याचिका में दावा किया गया है कि चूंकि मेलानिया ट्रंप 'नेचुरलाइज्ड' सिटिजन हैं, ऐसे में ट्रंप यदि अपनी इस योजना को सही मायनों में लागू करने के लिए आगे बढ़ते हैं तो सबसे पहले बोट में मेलानिया और उनका परिवार होना चाहिए। याचिका में बैरन ट्रंप के 'एंकर ब्वॉय' होने और मेलानिया की मां का जन्म यूएस से बाहर होने का भी दावा किया गया है। 'एंकर ब्वॉय' उस बच्चे को कहा जाता है जो किसी गैर अमेरिकी महिला से जन्मा हो। पेटीशन में आगे कहा गया है कि ट्रंप यदि ऐसा करते है तो 'नेचुरलाइज्ड' नागरिकों को अमेरिका से बाहर भेजने की उनकी इस योजना को पक्षपाती नहीं कहा जाएगा। यदि यह राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए वाकई में जरूरी है तो मेलानिया को डिपोर्ट किए जाने की जरूरत है।

Donald Trump

मेलानिया, उनके बेटे, पिता को डिपोर्ट करने की मांग।

मैक्साइन वाटर्स ने डिपोर्ट करने की मांग की

दरअसल, इस याचिका की शुरुआत तो पांच महीने पहले हुई थी लेकिन पिछले कुछ महीनों से अमेरिका में इसकी खूब चर्चा होने लगी है, इस पर अब तक करीब साढ़े तीन हजार से ज्यादा लोगों के हस्ताक्षर हो चुके हैं। दरअसल, ट्रंप जब दूसरी बार राष्ट्रपति बने और अपने ऑफिस के पहले दिन उन्होंने जब बर्थराइट सिटिजनशिप पर रोक लगाने वाले एक्जीक्यूटिव ऑर्डर पर हस्ताक्षर किए तो उसी समय कांग्रेसवुमन मैक्साइन वाटर्स ने मेलानिया को डिपोर्ट करने की मांग की। उन्होंने कहा था कि ट्रंप को सबसे पहले मेलानिया के रिकॉर्ड्स देखने चाहिए। हालांकि, ट्रंप का यह आदेश अभी न्यायिक समीक्षा के अधीन है।

'ट्रंप को सबसे पहले मेलानिया की तरफ देखना चाहिए'

वाटर्स ने उस समय कहा कि ऐसे बच्चे जिनका जन्म अमेरिका में हुआ है, भले ही उनके माता-पिता अमेरिकी नागरिक नहीं हैं, संविधान ऐसे पैरेंट्स को अमेरिका में रहने की इजाजत देता है। ट्रंप अगर यह बहुत बारीकी से देखने जा रहे हैं कि किसका जन्म यहां हुआ और क्या उनके माता-पिता के दस्तावेज सही हैं? तो सबसे पहले उन्हें मेलानिया की तरफ देखना चाहिए। फॉक्स न्यूज के मुताबिक वाटर्स ने आगे कहा कि 'अमेरिकी नागरिकता हासिल करने के लिए मेलानिया के माता-पिता की दस्तावेजी प्रक्रिया उचित तरीके से हुई या नहीं, हमें इसके बारे में पता नहीं है, यह बेहतर होगा कि हम इस तरफ देखें।'

Melania trump

साल 1996 में अमेरिका आईं मेलानिया।

1970 में स्लोवेनिया में हुआ मेलानिया का जन्म

मेलानिया का जन्म 1970 में स्लोवेनिया में हुआ था और वे 1996 में न्यूयॉर्क चली आई थीं। वह अमेरिका की 'फर्स्ट लेडी' बनने वाली पहली पहली 'न्यूट्रलाइज्ड सिटिजन' हैं। मेलानिया एक स्लोवेनियाई मॉडल थीं जो न्यूयॉर्क में रहती थीं। उन्होंने 2000 में EB-1 वीजा के लिए आवेदन किया। यह वीजा 2001 में स्वीकृत हो गया और 2006 में वह अमेरिका की नागरिक बन गईं। बाद में इसी नागरिकता के जरिए उन्होंने अपने माता-पिता को ग्रीन कार्ड दिलवाया। हालांकि, 2001 में ग्रीन कार्ड मिलने से पहले की उनकी इमिग्रेशन स्थिति को लेकर स्पष्टता नहीं है, जिस पर लोग सवाल करते हैं। 2018 में द न्यूयॉर्क टाइम्स ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया था कि मेलानिया ने अपने माता-पिता विक्टर और अमालिजा क्नाव्स को ग्रीन कार्ड और बाद में नागरिकता दिलवाई। अमालिजा क्नाव्स का निधन 2024 में हो गया, जबकि विक्टर क्नाव्स हाल ही में ट्रंप परिवार के साथ सार्वजनिक आयोजनों में देखे गए।

हालांकि, न्यूयॉर्क स्थित इमिग्रेशन अटॉर्नी रॉबर्ट स्कॉट ने पिछले साल कहा था कि 'इस बात का कोई मजबूत तर्क नहीं है कि डोनाल्ड ट्रंप के किसी भी बच्चे की अमेरिकी नागरिकता नहीं है, 14वें संशोधन में कहा गया है कि संयुक्त राज्य अमेरिका में जन्मे या प्राकृतिक रूप से नागरिक बने सभी व्यक्ति, और जो उसके अधिकार क्षेत्र में आते हैं, वे संयुक्त राज्य और उस राज्य के नागरिक हैं जिसमें वे निवास करते हैं।'

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article