एक्सप्लेनर्स

कौन है कोल टॉमस एलेन? एक होनहार टीचर जो बन गया ट्रंप डिनर पार्टी का हमलावर

Cole Tomas Allen:ये शख्स कभी एक होनहार टीचर हुआ करता था। फिर ऐसा क्या हुआ कि उसने इतना बड़ा कदम उठाकर खुद को जोखिम में डाल लिया। आरोपी ट्रंप की किस बात से नाराज था और क्या थे उसके मंसूबे।

Image

कौन है कोल टॉमस एलेन?

Who is Cole Tomas Allen: वाशिंगटन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के डिनर पार्टी में गोलीबारी ने सनसनी पैदा कर दी है। शनिवार रात वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स एसोसिएशन डिनर (WHCD) में गोलीबारी की सुर्खियों ने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा। इस कार्यक्रम में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और कई वरिष्ठ अधिकारी, राजनयिक व मीडिया के सदस्य शामिल थे। जब ट्रंप और अन्य शीर्ष अधिकारी इस सालाना समारोह के लिए इकट्ठा हो रहे थे, तभी एक हमलावर ने शॉटगन से सीक्रेट सर्विस के एक एजेंट पर गोली चला दी। बाद में एजेंसियों ने संदिग्ध की पहचान 31 वर्षीय कोल टॉमस एलेन के रूप में की, जो लॉस एंजेलिस के टॉरेंस उपनगर में रहता है। जिस शख्स ने गोलीबारी की उसका कोई क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं है।

ये शख्स कभी एक होनहार टीचर हुआ करता था। फिर ऐसा क्या हुआ कि उसने इतना बड़ा कदम उठाकर खुद को जोखिम में डाल लिया। आरोपी ट्रंप की किस बात से नाराज था और क्या थे उसके मंसूबे। ट्रंप पर उसने किस तरह के आरोप लगाए हैं और कैसे उसके इतना खौफनाक कदम उठा लिया, विस्तार से समझते हैं।

कौन है कोल टॉमस एलेन?

रिपोर्ट के अनुसार, कोल टॉमस एलेन एक शिक्षक और वीडियो गेम डेवलपर के रूप में काम करता है। वह मैकेनिकल इंजीनियरिंग और कंप्यूटर साइंस में डिग्रीधारी है। वह एक स्वतंत्र गेम डेवलपर और पेशे से शिक्षक है। एलेन C2 एजुकेशन नामक टेस्ट प्रेप और ट्यूटरिंग कंपनी में पार्ट-टाइम शिक्षक है। कंपनी के सोशल मीडिया पोस्ट के अनुसार, दिसंबर 2024 में C2 ने एलेन को “टीचर ऑफ द मंथ” भी घोषित किया था। एलेन ने 2017 में कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री हासिल की। छात्र जीवन के दौरान उसने व्हीलचेयर के लिए एक इमरजेंसी ब्रेक प्रोटोटाइप विकसित किया था, जिसके लिए उसे एक स्थानीय अखबार में भी जगह मिली थी।

कोल टॉमस एलेन

कोल टॉमस एलेन

पिछले वर्ष उसने कैलिफोर्निया स्टेट यूनिवर्सिटी, डोमिंगुएज हिल्स से कंप्यूटर साइंस में मास्टर्स की पढ़ाई भी की। 2014 में एलेन ने नासा की जेट प्रोपल्शन लैबोरेटरी में समर अंडरग्रेजुएट रिसर्च फेलोशिप में भाग लिया था। उसने “Bohrdom” नाम का एक इंडी गेम गेमिंग प्लेटफॉर्म Steam पर बिक्री के लिए रखा था और 2018 में इसके नाम का ट्रेडमार्क भी पंजीकृत कराया था। उसके लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार, वह “First Law” नाम का एक दूसरा गेम भी विकसित कर रहा था। फेडरल इलेक्शन कमीशन के रिकॉर्ड के अनुसार, उसने अक्टूबर 2024 में कमला हैरिस के राष्ट्रपति चुनाव अभियान के लिए 25 डॉलर का दान भी दिया था।

गिरफ्त में हमलावर कोल एलेन

गिरफ्त में हमलावर कोल एलेन

व्हाइट हाउस डिनर में गोलीबारी कैसे हुई?

माना जा रहा है कि एलेन वॉशिंगटन हिल्टन होटल में ठहरा हुआ एक मेहमान था, जहां यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। मेट्रोपॉलिटन पुलिस विभाग के अंतरिम प्रमुख जेफरी कैरोल ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, हमें लगता है कि वह होटल में मेहमान था। उन्होंने कहा, हमने होटल में एक कमरा सुरक्षित किया है और उचित प्रक्रिया के तहत जांच करेंगे कि वहां क्या था। कैरोल के अनुसार, एलेन के पास एक शॉटगन, एक हैंडगन और कई चाकू थे। जब पुलिस ने उसे रोका, तो उसने कानून-प्रवर्तन अधिकारियों पर गोलीबारी कर दी, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।

WHCD में स्वयंसेवक हेलेन मैबस ने न्यूयॉर्क पोस्ट को बताया कि एलेन ने टेरेस स्तर के प्रवेश द्वार के पास एक कम निगरानी वाले क्षेत्र में लंबा हथियार तैयार किया और फिर गोलीबारी करते हुए बॉलरूम की ओर बढ़ा। वह उस कमरे में था, उसने इसे किसी बैग से निकाला। गवाह के अनुसार, हथियार लंबा था और सामान्य बंदूक जैसा नहीं दिख रहा था।

हमलावर का निशाना कौन था?

जब पूछा गया कि हमलावर किसे निशाना बना रहा था, तो कैरोल ने कहा कि यह जांच का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति बॉलरूम के अंदर मौजूद थे और वहां कैबिनेट सदस्य व कई मेहमान भी थे। ट्रंप ने शनिवार को संकेत दिया कि वह खुद हमले का संभावित निशाना हो सकते थे। रिपोर्ट के अनुसार, एलेन ने यह काम अकेले किया। वॉशिंगटन डीसी की मेयर म्यूरियल बाउजर ने कहा कि फिलहाल ऐसा मानने का कोई कारण नहीं है कि इस घटना में कोई और शामिल था। संदिग्ध पर दो आरोप लगाए जाएंगे, अमेरिकी अटॉर्नी जीनिन पिरो के अनुसार, उसे सोमवार को अदालत में औपचारिक रूप से पेश किया जाएगा।

एलेन का मेनिफेस्टो और मंसूबे, क्यों किया हमला?

एलेन ने हमले से पहले एक मेनिफेस्टो भी लिखा था। इलमें उसने लिखा, अगर मैं अमेरिकी नागरिक की जगह ईरानी एजेंट होता, तो मैं यहां एक M2 ब्राउनिंग .50-कैलिबर मशीन गन ला सकता था और किसी को कुछ पता भी नहीं चलता। एलेन के घोषणापत्र में ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों को निशाना बनाने का इरादा भी बताया गया था और इसमें राजनीतिक हिंसा के कई संदर्भ शामिल थे। एक अमेरिकी अधिकारी ने न्यूयॉर्क पोस्ट को बताया कि दस्तावेज में अधिकारियों के नाम उच्चतम से निम्नतम क्रम में लक्षित अधिकारियों के रूप में थे, जबकि FBI निदेशक काश पटेल का नाम इसमें शामिल नहीं था।

ट्रंप को बताया बाल यौन शोषण करने वाला शख्स

एलेन ने लिखा, मैं अब एक बाल यौन शोषण करने वाले, बलात्कारी और देशद्रोही को अपने हाथों पर उसके अपराधों का दाग लगाने की अनुमति नहीं दूंगा। इसके अलावा, एलन ने हमले की अपनी रणनीति का भी विस्तार से वर्णन किया, जिसमें उसने कहा कि वह दीवार को भेदने से बचने के लिए गोलियों की जगह छर्रों का इस्तेमाल करने का इरादा रखता है। अगर जरूरी हुआ तो वह कमरे में मौजूद अन्य लोगों को भी मार गिराएगा।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!