What is Patriot Missile Air Defence System : यूक्रेन पर रूस के ताजा ड्रोन और मिसाइल हमलों के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नजरिया रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के प्रति बदल गया है। अब वह पुतिन को 'सबक' सीखाना चाहते हैं। ट्रंप ने खुले तौर पर कह दिया है कि रूस 50 दिनों के भीतर यदि इस युद्ध को नहीं रोकता है तो उस पर वह 100 फीसदी तक टैरिफ लगाएंगे। टैरिफ की यह 'मार' रूस के साथ तेल एवं गैस खरीदने वाले भारत, चीन और ब्राजील जैसे को भी झेलनी पड़ेगी। यही नहीं, यूक्रेन को पहले हथियार भेजने से मना कर चुके ट्रंप ने अब उसे हथियारों की बड़ी खेप भेजने की बात कही है। ट्रंप की इस 'सख्ती' को एक नीतिगत बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
पहले नाटो और फिर यूक्रेन पहुंचेंगी बैट्रीज
ट्रंप ने कहा है कि रूसी हमलों का सामना करने के लिए अमेरिका अपनी पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम की बैट्रीज यूक्रेन भेजेगा। हालांकि, ये बैट्रीज पहले नाटो देशों के पास पाएंगी और फिर इनकी आपूर्ति यूक्रेन को होगी। यानी रूस के खिलाफ आर्थिक एवं सैन्य दोनों मोर्चों पर ट्रंप ने अपनी घेरेबंदी तेज कर दी है। रिपोर्टों में दावा किया गया है कि ट्रंप ने हाल ही में जेलेंस्की से पूछा है कि क्या वे रूस के भीतर तक यानी मास्को को निशाना बना सकते हैं? एक्सपर्ट मानते हैं कि अमेरिका यदि चाहता है कि यूक्रेन रूस के भीतर तक यानी मास्को तक मार कर सके तो उसे अपनी टॉमहॉक जैसी लंबी दूरी की मिसाइलें देनी होंगी। जाहिर है कि यूक्रेन को पैट्रियट और लंबी दूरी की मिसाइलें अगर मिलती हैं तो करीब साढ़े तीन साल से जारी युद्ध और तेज होगा।
रेथेओन टेक्नॉलजी, लॉकहीड मार्टिन ने बनाया
Patriot का पूरा नाम 'फेज्ड अरे ट्रैकिंग रडार फॉर इंटरसेप्ट ऑन टारगेट' है। इस डिफेंस सिस्टम को रेथेओन टेक्नॉलजी और लॉकहीड मार्टिन ने मिलकर बनाया है। इसमें सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलें लगी होती हैं। इसकी गिनती दुनिया के बेहतरीन एयर डिफेंस सिस्टम में होती है। यह अमेरिकी हथियारों के जखीरे का एक प्रमुख हथियार है। अमेरिकी फौज में यह सिस्टम 1980 के दशक से है। इस डिफेंस सिस्टम यानी बैट्रीज के कई हिस्से हैं-जैसे कि रडार, कंट्रोल सिस्टम, पावर यूनिट, लॉन्चर्स और सपोर्ट व्हीकल। यह एयर डिफेंस सिस्टम एयरक्राफ्ट, टैक्टिकल बैलिस्टिक मिसाइल और क्रूज मिसाइल को इंटरसेप्ट कर उन्हें हवा में मार गिराता है।

1980 के दशक से सेवा में है पैट्रियट मिसाइल सिस्टम। तस्वीर-AP
यूक्रेन के पास पहले से हो सकता है पैट्रियट
इस सिस्टम की क्षमताएं अलग-अलग हैं जो कि इस्तेमाल किए गए इंटरसेप्टर पर निर्भर करती हैं। पैट्रियट के भी कई वैरिएंट्स हैं। इसका PAC-2 इंटरसेप्टर टार्गेट के पास जाकर विस्फोट करता है जबकि PAC-3 की मिसाइलें सीधे टार्गेट पर निशाना लगाती हैं। अमेरिका, पैट्रियट का अपना कौन सा वैरिएंट यूक्रेन को देने जा रहा है, अभी यह स्पष्ट नहीं है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक ऐसा संभव है कि कीव के पास पहले से ही कुछ PAC-3 सीआरआई इंटरसेप्टर हों।
रडार की रेंज 150 किलोमीटर से ज्यादा
नाटो ने साल 2015 में कहा था कि पैट्रियट में लगा रडार 150 किलोमीटर की ज्यादा दूरी से ही हवाई खतरों को भांप लेता है। पैट्रियट मिसाइल क्या हाइपरसोनिक मिसाइलों को इंटरसेप्ट कर सकता है? इसकी पुष्टि रेथेओन ने अब तक नहीं की है लेकिन अमेरिका का दावा है कि यूक्रेन ने रूसी किंझल मिसाइल को मार गिराया। मास्को का दावा है कि यह उसकी हाइपरसोनिक मिसाइल है। कंपनी ने अपनी वेबसाइट पर दावा किया है कि जनवरी 2015 से पैट्रियट ने अलग-अलग युद्धों एवं संघर्षों में 150 से ज्यादा बैलिस्टिक मिसाइलों को मार गिराया है। रेथेआन की वेबसाइट के मुताबिक वह 240 से ज्यादा पैट्रियट फायर यूनिट की आपूर्ति कर चुकी है। अमेरिका, जर्मनी, पोलैंड, यूक्रेन, जापान, कतर, सऊदी अरब और मिस्र सहित 19 देश इस एयर डिफेंस सिस्टम का इस्तेमाल करते हैं।

एक पैट्रियट बैटरी की कीमत 1 अरब डॉलर से ज्यादा। तस्वीर-AP
एक पैट्रियट बैटरी की कीमत 1 अरब डॉलर से ज्यादा
बीते जनवरी में एक्सिओस ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि अमेरिका ने करीब 90 पैट्रियट इंटरसेप्टर इजरायल से यूक्रेन भेजी हैं। सेंटर फॉर स्ट्रेटेजिक एंड इंटरनेशनल स्टडीज के मुताबिक एक पैट्रियट बैटरी की कीमत 1 अरब डॉलर से ज्यादा है। इसमें सिस्टम की लागत 400 मिलियन डॉलर और मिसाइलों की कीमत 690 मिलियन डॉलर है। इसमें इस्तेमाल होने वाली मिसाइल की कीमत करीब 4 मिलियन डॉलर है।
जेलेंस्की से मिले ट्रंप के विशेष दूत
इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल कीथ केलॉग ने सोमवार को कीव में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से मुलाकात की। तीन साल से जारी युद्ध को लेकर ट्रंप प्रशासन की नीति में संभावित बदलाव की अटकलें बढ़ने के बीच यह मुलाकात हुई है। इस बीच ट्रंप ने यह पुष्टि की है कि अमेरिका यूक्रेन को रूस के तेज होते हवाई हमलों से बचाने के लिए कीव को अमेरिका-निर्मित पैट्रियट वायु रक्षा मिसाइलें भेज रहा है, जिसकी उसे सख्त जरूरत है। जेलेंस्की ने कहा कि उन्होंने और केलॉग ने यूक्रेनी वायु रक्षा प्रणाली को मजबूत करने, संयुक्त हथियार उत्पादन और यूरोपीय देशों के साथ मिलकर अमेरिकी हथियारों की खरीद के साथ-साथ रूस पर कड़े अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों की संभावना के बारे में 'एक उपयोगी बातचीत' की।
संघर्ष एक निर्णायक मोड़ की ओर बढ़ रहा-लिंडसे ग्राहम
ट्रंप ने रविवार देर रात कहा, 'पुतिन अच्छी बातें करते हैं और फिर सब पर बमबारी कर देते हैं।' उन्होंने यह भी कहा कि यूरोपीय संघ अमेरिका को "विभिन्न प्रकार के अत्यंत परिष्कृत" हथियारों के लिए भुगतान करेगा। जर्मनी सरकार के प्रवक्ता स्टीफन कोर्नेलियस ने सोमवार को बर्लिन में कहा कि उनके देश ने दो नई पैट्रियट प्रणालियों के वित्तपोषण की पेशकश की है। जर्मन रक्षा मंत्री बोरिस पिस्टोरियस सोमवार को अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ से मिलने के लिए वाशिंगटन जा रहे हैं। वहीं, ट्रंप के करीबी सहयोगी और दक्षिण कैरोलिना से सीनेट में रिपब्लिक पार्टी के सदस्य लिंडसे ग्राहम ने रविवार को कहा कि यह संघर्ष एक निर्णायक मोड़ की ओर बढ़ रहा है, क्योंकि ट्रंप अब यूक्रेन को रूस के आक्रमण के खिलाफ लड़ने में मदद देने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। यह वही मुद्दा है जिसे ट्रंप पहले अमेरिकी करदाताओं के पैसे की बर्बादी बताकर खारिज कर चुके थे।
