Prime Video New Series- Movies: प्राइम वीडियो ने आज यानी 19 मार्च को अपने ‘प्राइम वीडियो प्रेजेंट्स’ इवेंट में अब तक की सबसे बड़ी घोषणा की। इस बार उन्होंने लगभग 55 नई ओरिजिनल सीरीज और फिल्मों का ऐलान किया है। इस स्लेट में हिंदी, तमिल और तेलुगु में कई धमाकेदार ओरिजिनल सीरीज और फिल्में हैं। स्क्रिप्टेड और अनस्क्रिप्टेड दोनों तरह की कहानियां अलग-अलग जॉनर में होंगी। कुछ खास और बहुप्रतीक्षित नाम हैं जैसे निखिल आडवाणी की ‘द रिवोल्यूशनरीज’ जिसमें भुवन बाम, रोहित सराफ, प्रतिभा रांटा और गुरफतेह पिरजादा दिखेंगे, ‘मटका किंग’ जिसमें विजय वर्मा हैं, ‘राख’ जिसमें अली फजल, सोनाली बेंद्रे और आमिर बशीर हैं ‘लुक्खे’ जिसमें रैपर किंग पहली बार एक्टिंग करते नजर आएंगे और ‘वंश – द कलयुग वॉरियर्स’ जो भारत की पहली हिंदी सुपरहीरो सीरीज है।
इसके अलावा कई पॉपुलर सीरीज के नए सीजन भी वापस आ रहे हैं जैसे ‘फर्जी’ सीजन 2, ‘पंचायत’ सीजन 5, ‘कॉल मी बे’ सीजन 2, ‘दुपहिया’ सीजन 2, ‘दहाड़’ सीजन 2 और ‘द ट्रेटर्स’ सीजन 2 इस साल प्राइम वीडियो पर धमाल मचाने वाला है। रीजनल कंटेंट में अब तक का सबसे बड़ा विस्तार हुआ है। इसमें बड़े लॉन्च हैं जैसे हिंदी अनस्क्रिप्टेड शो ‘द ट्रेटर्स’ का तेलुगु वर्जन जिसमें तेजा सज्जा होस्ट होंगे, तेलुगु ड्रामा ‘गुव्वला चेरुवु घाट’ जिसमें किरण अब्बावरम और थिरुवीर हैं, तमिल में ‘एग्जाम’, पुष्कर-गायत्री की ‘वधांधी’ सीजन 2 और ‘इंस्पेक्टर ऋषि’ सीजन 2 भी शामिल हैं। कई नए बड़े सहयोग भी इस लाइनअप में हैं। ऋतिक रोशन की HRX Films पहली बार स्ट्रीमिंग में आ रही है। आलिया भट्ट की इटरनल सनशाइन प्रोडक्शंस से ओरिजिनल फिल्म ‘डोंट बी शाय’ आ रही है।
इस इवेंट में अमेजन एमजीएम स्टूडियोज की थिएटर रिलीज फिल्मों का भी ऐलान हुआ। पांच नई भारतीय फिल्में हैं ‘रफ्तार’ (राजकुमार राव और कीर्ति सुरेश, डायरेक्टर आदित्य निम्बालकर), ‘वाइब’ (कुनाल खेमू की डायरेक्टोरियल, कुनाल खेमू, प्रीति जी ज़िंटा और स्पर्श श्रीवास्तव के साथ), ‘दिलकशी’ (डायरेक्टर लिजो जोस पेलिसरी, प्रोड्यूसर हंसल मेहता-साहिल सैगल, म्यूजिक ए.आर. रहमान), ‘नई नवेली’ (यामी गौतम, डायरेक्टर बालाजी मोहन, प्रोड्यूसर आनंद एल. राय) और ‘कुकू की कुंडली’ (डायरेक्टर शरण शर्मा, भुवन बाम और वामिका गब्बी के साथ)। थिएटर के अलावा कई भारतीय भाषाओं की लाइसेंस्ड फिल्में भी हैं, जो सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद प्राइम वीडियो पर डिजिटल प्रीमियर में आएंगी।
शिलांगी मुखर्जी, डायरेक्टर एवं हेड ऑफ SVOD बिजनेस, प्राइम वीडियो इंडिया ने कहा, 'ये स्लेट प्राइम वीडियो इंडिया के नए चैप्टर की शुरुआत है और कंटेंट की जबरदस्त वैरायटी दे रही है। भारत हमारी ग्लोबल ग्रोथ का सबसे बड़ा केंद्र है और 2025 में नए प्राइम मेंबर्स जोड़ने के मामले में टॉप देशों में शुमार है। हमारे करीब दो-तिहाई मेंबर्स चार या उससे ज्यादा भाषाओं में कंटेंट देखते हैं, जो विविध कहानियों की डिमांड दिखाता है। हमारा इंडियन कंटेंट ग्लोबली भी बहुत पॉपुलर हो रहा है।'
निखिल मधोक, डायरेक्टर एवं हेड ऑफ ओरिजिनल्स, प्राइम वीडियो इंडिया ने कहा, 'प्राइम वीडियो ने हमेशा इंडस्ट्री में नए प्रयोग किए हैं और साहसी कहानियों को सपोर्ट किया है। देश की अनगिनत क्रिएटिव टैलेंट पर भरोसा करके हम न सिर्फ नई आवाजों को मौका दे रहे हैं बल्कि बड़े-बड़े नामी क्रिएटर्स के साथ भी मजबूत रिश्ते बना रहे हैं। हम हाई-क्वालिटी स्टोरीटेलिंग के स्टैंडर्ड को और ऊंचा कर रहे हैं ऐसी कहानियां जो कल्चरली जुड़ी हों, आसानी से समझ आएं और दुनिया भर में पसंद की जाएं।'
