Tunisha Sharma and Sheezan Khan love-jihad Truth: तुनिषा शर्मा सुसाइड केस में लगातार कई नए एंगल निकलकर सामने आ रहे हैं। पुलिस लगातार शीजान खान के साथ पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी हुई है। अब इसी बीच वालीव पुलिस का कहना है कि फिल्म और टीवी एक्ट्रेस तुनिषा शर्मा और उनके बॉयफ्रेंड शीजान खान के बीच हाल ही में हुआ ब्रेक-अप उनके जीवन को समाप्त करने के कारणों में से एक हो सकता है। पुलिस ने रविवार को शीजान खान को गिरफ्तार किया और उनके खिलाफ आईपीसी की धारा 306 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया।
20 साल की तुनिषा शर्मा ने शनिवार को अपने ही टीवी सीरियल के सेट पर फांसी लगा ली। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनकी मौत का कारण फांसी लगाना बताया गया था। पुलिस फाइनल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। मामले की निगरानी कर रहे सहायक पुलिस आयुक्त चंद्रकांत जाधव ने कहा कि अब तक की गई जांच में कोई 'लव-जिहाद' का एंगल सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी तुनिषा शर्मा के साथ जबरदस्ती का कोई संकेत नहीं है।
पुलिस ने स्टार्स के बीच व्हाट्सएप मैसेज के आदान-प्रदान की जांच करने के लिए शर्मा और खान के फोन की कॉल डिटेल रिपोर्ट मांगी है। लगातार ये पता लगाया जा रहा है कि ऐसा क्या हो सकता है जिससे एक्ट्रेस ने इतना बड़ा कदम उठाया।
आपको बताते चलें तुनिषा शर्मा और शीजान खान की मुलाकात टीवी धारावाहिक 'अली बाबा: दास्तान-ए-काबुल' में साथ काम करने के बाद हुई। ये सीरियल 22 अगस्त 2022 को ऑनएयर हुआ था। शनिवार की दोपहर 3 बजे तुनिषा ने लंच ब्रेक लिया था इस दौरान, वह कथित तौर पर शीजान के मेकअप रूम में टॉयलेट का उपयोग करने गई थीं। एक घंटे बाद तक जब वह नहीं लौटीं तो स्टाफ उन्हें शूट के लिए बुलाने गया। यहां अंदर फंदे पर तुनिषा की लाश लटकी मिली। पुलिस ने सेट पर खान सहित कर्मचारियों और को-स्टार्स से भी पूछताछ की है।
