Smriti Irani on long Working Hour: टीवी अभिनेत्री और नेता स्मृति ईरानी( Smriti Irani) लगभग दो दशक बाद टीवी पर लौटी हैं। अपने फेमस शो 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' से उन्होंने टीवी की दुनिया पर दोबारा से कदम रखा है। अपने हालिया इंटरव्यू में स्मृति ईरानी ने इंडस्ट्री के वर्किंग टाइम पर अपनी राय रखी है। उन्होंने चल रहे विवाद पर अपनी राय रखी, साथ ही यह भी बताया कि इतने सालों बाद काम पर लौटना कितना मुश्किल रहा।
इंडिया टुडे से खास बातचीत में उन्होंने बताया कि इतने लंबे वक्त बाद राजनीति से अभिनय में वापसी करना उनके लिए आसान फैसला नहीं था। लेकिन तुलसी का किरदार और उसका लोगों पर असर ही उन्हें दोबारा स्क्रीन पर लेकर आया। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने इंडस्ट्री में काम शुरू किया था, तब और अब में बहुत फर्क आ गया है। अब तकनीक काफी बेहतर हो चुकी है, लेकिन लंबे काम के घंटे आज भी एक बड़ी चुनौती हैं। उन्होंने कहा कि हर रात एक एपिसोड देना बहुत मेहनत और अनुशासन मांगता है।
दीपिका पादुकोण पर स्मृति ईरानी का कमेन्ट
उनका कहना था, “निर्माताओं की मेहनत और प्रतिबद्धता का सम्मान करना बहुत जरूरी है। अगर आज मेरा मन नहीं है, तो मैं शूट पर न जाऊँ — यह पेशेवर रवैया नहीं है। लेकिन मुझे लगता है कि इंडस्ट्री को सिर्फ रचनात्मकता पर नहीं, बल्कि अपने बाज़ार मूल्य को बढ़ाने पर भी ध्यान देना चाहिए।” जब उनसे दीपिका पादुकोण के 8 घंटे वाले विवाद पर सवाल पूछा गया, तब उन्होंने कहा —"यह व्यक्तिगत मामला है”
काम के घंटों को सीमित करने पर स्मृति ने साफ कहा कि वे दूसरों की कार्यशैली पर टिप्पणी नहीं करतीं। उन्होंने बताया कि उन्होंने खुद दो बार प्रेग्नेंट रहते हुए शूट किया था। स्मृति ने आगे कहा कि , “मैं चाहती थी कि हमारी महिला निर्माता सफल हों। उस वक्त मैं जानती थी कि अगर मैं काम पर नहीं जाऊंगी, तो टीम के 120 लोगों की रोज़ी पर असर पड़ेगा। इसलिए मेरे लिए काम सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि कई परिवारों की ज़िम्मेदारी थी।” काम करने का तरीका हर किसी की अपनी पसंद है। मैंने हमेशा अपने काम को ज़िम्मेदारी से किया है, क्योंकि मुझे पता है कि मेरे काम पर कई लोगों का भविष्य टिका है।
