Sana Makbul Open Up On Liver Cirrhosis: टीवी की मशहूर एक्ट्रेस सना मकबूल ने इंडस्ट्री में अपने अंदाज से जबरदस्त पहचान बनाई है। सना मकबूल ने डेली सोप के साथ-साथ कई रियलिटी शोज में भी हाथ आजमाया है, जिसमें 'खतरों के खिलाड़ी' से लेकर 'बिग बॉस ओटीटी 3' तक शामिल है। लेकिन इन दिनों सना मकबूल मुसीबतों से गुजर रही हैं। उनके ऊपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सना मकबूल (Sana Makbul) को लिवर सिरोसिस हो गया है, जिसकी जानकारी एक्ट्रेस ने खुद इंटरव्यू के दौरान दी थी। वहीं हाल ही में सना मकबूल ने अपनी बीमारी के बारे में खुलकर बात की, साथ ही ये भी बताया कि इसका कोई भी इलाज नहीं है। अगर स्थिति और बिगड़ती है तो उन्हें अंत में लिवर ट्रांसप्लांट ही कराना पड़ेगा।
सना मकबूल (Sana Makbul) ने लिवर सिरोसिस के बारे में बात करते हुए बताया कि वह इस सिलसिले में किसी को नहीं बताना चाहती थीं। एक्ट्रेस ने कहा, "मैं सार्वजनिक तौर पर कभी भी इस बारे में बात नहीं करना चाहती थी, क्योंकि मैं नहीं चाहती थी कि लोग मेरे लिे मायूस महसूस करें। लेकिन अब खबर बाहर आ चुकी है तो मुझे एहसास हुआ कि मेरी कहानी साझा करके मैं लोगों में जानकारी ला सकती हूं और उसकी मदद कर सकती हूं जो इस परेशानी से गुजर रहा है।"
बताया जा रहा है कि सना मकबूल (Sana Makbul) के स्वास्थ्य में गड़बड़ साल 2020 से शुरू हुई थी। उन्हें स्किन प्रॉब्लम हुई थी, जिसमें उन्हें हार्मोन टेस्ट कराने पड़े थे। हालांकि इस दौरान उन्हें लिवर में परेशानी के बारे में पता चला। सना मकबूल ने इस बारे में आगे कहा, "मेरी कई बार टेस्टिंग हुई और मुझे ऑटोइम्यून हेपेटाइटिस हो गया। ये मेरे और मेरे परिवार के लिए दिल तोड़ने वाला है। सिरोसिस का कोई इलाज नहीं है और अगर चीजें बेकार होती हैं तो अगला कदम लिवर ट्रांसप्लांट की है। लेकिन मैंने इससे निपटने का फैसला कर लिया है और मैं बेस्ट करने की कोशिश कर रही हूं। सारी चीजें मैंने ऊपरवाले पर छोड़ दी हैं।"
