Sampoorna Going To Off Air Soon In Two Months: टीवी एक्ट्रेस संदीप्ता सेन, अहम शर्मा और विशाल आदित्य सिंह स्टारर 'संपूर्णा' ने अपने ट्विस्ट और टर्न्स से लोगों का दिल जीतने की भरपूर कोशिश की। सास-बहू के पैटर्न से अलग 'संपूर्णा' की कहानी थ्रिलर से भरपूर थी। लेकिन हैरत की बात तो यह है कि टीआरपी न मिलने के चक्कर में अब 'संपूर्णा' पर काले बादल मंडरा रहे हैं। खबरों की मानें तो संदीप्ता सेन और अहम शर्मा के 'संपूर्णा' पर जल्द ही ताला लगने वाला है। बता दें कि शो की शुरुआत जोरों-शोरों से दो महीने पहले ही हुई थी। लेकिन शुरुआत से ही 'संपूर्णा' (Sampoorna) को कुछ खास टीआरपी हासिल नहीं हुई।
संदीप्ता सेन (Sandipta Sen) और अहम शर्मा स्टारर 'संपूर्णा' (Sampoorna) की शुरुआत बीते 8 सितंबर को ही हुई थी। सूत्रों की मानें तो प्रोडक्शन और कास्ट ने बीते दिन ही शो की शूटिंग पूरी कर ली है। टीआरपी न मिलने के कारण 'संपूर्णा' को जल्दबाजी में खत्म किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि 'संपूर्णा' में आगे की कहानी परत दर परत खुलती, साथ ही किरदार के भावनात्मक उतार-चढ़ाव को भी दिखाया जाता। लेकिन टीआरपी न मिलने के कारण 'संपूर्णा' को मेकर्स ने खत्म करने का फैसला कर लिया है।
'संपूर्णा' (Sampoorna) बंगाली सीरीज 'नोशटोनियर' का हिंदी रीमेक है, जिसमें संदीप्ता सेन (Sandipta Sen) ने मिट्टी, अहम शर्मा ने डॉक्टर आकाश मल्होत्रा और विशाल आदित्य सिंह ने सीनियर इंपेक्टर सत्येंद्र की भूमिका अदा की थी। इस शो के प्रमोशन में जीनत अमान ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। लेकिन तमाम कोशिशों के बाद भी दर्शकों से 'संपूर्णा' को खास भाव नहीं मिला। बताया जा रहा है कि 'संपूर्णा' के बाद इसकी जगह स्टार प्लस का अपकमिंग शो 'शहजादी है तू दिल की' लेगा। हालांकि इसके ऑफ एयर होने की खबर पर अभी तक मेकर्स या फिर स्टार कास्ट की ओर से कोई टिप्पणी नहीं की गई है।
