Pawandeep Rajan Undergoes Three More Surgery: टीवी के चर्चित रियलिटी शो 'इंडियन आइडल 12' में जीत दर्ज कर नाम कमाने वाले पवनदीप राजन का बीते 5 मई को दर्दनाक एक्सीडेंट हो गया था। मोरादाबाद के पास पवनदीप राजन का कार एक्सीडेंट हुआ था, जिसमें वह बुरी तरह से जख्मी हो गए थे। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी करीब 6 घंटे की सर्जरी चली। बीते दिन पवनदीप राजन को आईसीयू से प्राइवेट रूम में शिफ्ट किया गया था, जिससे जुड़ी तस्वीर भी उनके दोस्त ने शेयर की थी। लेकिन अब पवनदीप राजन (Pawandeep Rajan) की टीम ने एक बयान जारी किया है, जिसमें उन्होंने बताया कि 'इंडियन आइडल 12' विजेता को फिर से आईसीयू में ले जाया गया। यहां तक कि उनकी तीन और सर्जरी भी हुई।
पवनदीप राजन (Pawandeep Rajan) की टीम ने उनके स्वास्थ्य पर बयान जारी करते हुए कहा, "आप सभी को नमस्कार। बीते दिन पवनदीप राजन की तीन और सर्जरी हुई है। सुबह-सुबह उन्हें ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया और करीब 8 घंटे चली सर्जरी में उनके सभी फ्रैक्चर का सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया गया। वो अभी भी आईसीयू में हैं और उनकी देखभाल की जा रही है। वह कुछ और दिन वहां पर रहेंगे। जैसा कि डॉक्टर ने कहा है कि पवनदीप राजन धीरे-धीरे ठीक होने लगे हैं। लेकिन उनके जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं। एक बार फिर से आप सभी के प्यार का और आशीर्वाद का बहुत-बहुत धन्यवाद।"

पवनदीप राजन की हुई सर्जरी
बता दें कि पवनदीप राजन (Pawandeep Rajan) 5 मई को अपने घर से नोएडा आ रहे थे। लेकिन इसी दौरान ड्राइवर ने कार पर नियंत्रण खो दिया और वो जाकर कैंटर ट्रक से टकरा गई। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस की मदद से पवनदीप राजन को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज शुरू हुआ।
