Hina Khan Reveals Her Legs Get Numb Due To Chemotherapy: टीवी की मशहूर एक्ट्रेस हिना खान ने अपनी एक्टिंग और अंदाज से सबके दिलों में जगह बनाई है। हिना खान इन दिनों मुश्किलों से गुजर रही हैं। असल में हिना खान को ब्रेस्ट कैंसर हो गया है, जिसकी खबर एक्ट्रेस ने खुद जून महीने में दी थी। हिना खान के ब्रेस्ट कैंसर की खबर सुनकर फैंस भी हैरान रह गए थे। एक्ट्रेस ने इसका इलाज शुरू करा दिया है और अभी तक उनके कई कीमोथेरैपी सेशन भी हो गए हैं। लेकिन कीमो के कारण हिना खान (Hina Khan) के पैरों पर असर पड़ने लगा है। एक्ट्रेस ने बताया कि उनके पैर कई बार अचानक सुन्न पड़ जाते हैं, जिससे वह गिर भी जाती हैं।
हिना खान (Hina Khan) ने इस बात का जिक्र अपनी हाल ही में शेयर की गई पोस्ट में किया है। हिना खान ने बताया कि वह भले ही गिर जाती हैं, लेकिन वह गिरकर उठने में ज्यादा विश्वास रखती हैं। हिना खान ने इस सिलसिले में कहा, "एक्सरसाइज और शारीरिक गतिविधी स्वस्थ जीवनशैली के लिए बहुत जरूरी है। लेकिन ये तब और भी जरूरी बन जाती है, जब इंसान किसी बीमारी से गुजर रहा हो। कसरत आपको न केवल शारीरिक तौर पर मजबूत बनाता है, बल्कि आपके मानसिक स्वास्थ्य को भी बेहतर रखता है। और मानसिक स्वास्थ्य को अब नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है। कीमोथेरैपी ट्रीटमेंट के कारण मुझे कई बार न्यूरोपैथिक दर्द होता है, जिससे मेरे पैर सुन्न पड़ जाते हैं। इसकी वजह से कई बार मैं एक्सरसाइज के वक्त अपने पैर पर नियंत्रण खो देती हूं और सुन्न होने की वजह से गिर भी जाती हूं।"
हिना खान (Hina Khan) ने पोस्ट में आगे कहा, "लेकिन मैं केवल वापिस उठने पर ध्यान देती हूं। मैं गिरने को खुद की पहचान नहीं बनने दूंगी। मैं मजबूती के लिए पहचानी जाऊंगी। मैं हर वक्त उठती हूं। जब जब मुझे लगता है कि अब मैं नहीं उठ पाऊंगी, काम नहीं कर पाऊंगी, तब मैं और मेहनत करती हूं। क्योंकि अपनी ताकत और कर गुजरने की क्षमता के अलावा मुझे और क्या मिला है।" हिना खान की पोस्ट देख फैंस उनके जल्द से जल्द ठीक होने की कामना करते नजर आए।
