Exclusive Bidaai Actor Angad Hasija On Sara Khan Krrish Pathak Court Marriage: टीवी की पॉपुलर एक्ट्रेस सारा खान ने अपनी एक्टिंग और अंदाज से सुर्खियां बटोरने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। 'बिदाई' एक्ट्रेस सारा खान ने बीती 8 अक्टूबर को एक्टर और प्रोड्यूसर कृष पाठक संग कोर्ट मैरिज की। एक्ट्रेस ने फोटोज सोशल मीडिया पर शेयर कर फैंस को खुशखबरी दी। सारा खान (Sara Khan) और कृष पाठक ने ये भी बताया कि वे दिसंबर में धूमधाम से शादी करेंगे और हिंदू व इस्लामिक रीति-रिवाजों से उनकी शादी होगी। इतना ही नहीं, सारा खान और कृष पाठक ने एक साथ करवाचौथ का त्यौहार भी मनाया। वहीं अब सारा खान की शादी पर उनके को-स्टार अंगद हसीजा ने चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने बताया कि वह अकेले दोस्त उनकी कोर्ट मैरिज में मौजूद थे।
अंगद हसीजा (Angad Hasija) ने सारा खान (Sara Khan) और कृष पाठक की शादी पर खुशी जाहिर की। एक्टर ने सारा खान को लेकर कहा, "सारा को शादी जो करनी थी, बहुत ही सिंपल तरीके से करनी थी। उसकी हमेशा से यही ख्वाहिश थी तो बस उसका परिवार था और मैं एक अकेला दोस्त था। तो 18 साल से आप दोस्त नहीं परिवार बन जाते हो। बहुत प्यारा मुमेंट था। उसका पार्टनर बहुत अच्छा है, सास बहुत अच्छी हैं और उन्होंने भी सारा को बहुत प्यार से स्वीकार किया। बहुत जल्द वो धूमधाम से शादी करेगी।" अंगद हसीजा ने सारा खान के पति कृष पाठक पर भी चुप्पी तोड़ी। उन्होंने कहा, "बहुत ही अच्छा और सुलझा हुआ इंसान है वो। वो सारा को बहुत वक्त से पसंद करता था। ये लोग एक-दूसरे को जानते हैं तो आपको कभी-कभी लगता है ना कि वाइब अच्छी आती है।"
अंगद हसीजा (Angad Hasija) ने बताया कि सारा खान (Sara Khan) की सबसे ज्यादा शादी टीवी पर उन्हीं के साथ हुई है। उन्होंने एक्ट्रेस के लिए खुशी जाहिर करते हुए कहा, "मैं ऊपरवाले से दुआ करता हूं कि वो खुश रहे। मेरी बेस्ट फ्रेंड है वो। मैं बहुत खुश हूं और मेरा परिवार बहुत खुश है सारा के लिए। मेरी, सारा और किंशुक की तो 18 साल पुरानी दोस्ती है।"
