Bigg Boss 19 Amaal Mallik Apologies To Baseer Ali And His Fans: टीवी के पॉपुलर शो 'बिग बॉस 19' ने छोटे पर्दे पर लोगों का दिल जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। 'बिग बॉस 19' में अमाल मलिक की कई कंटेस्टेंट्स के साथ जिगरी यारी देखने को मिली थी, इस लिस्ट में बसीर अली का नाम भी शामिल है। लेकिन हाल ही में अमाल मलिक के एक लाइक से बसीर अली के फैंस इस कदर नाराज हो गए कि सोशल मीडिया पर उन्होंने सिंगर को आड़े हाथों लेना शुरू कर दिया। यहां तक कि अमाल मलिक और बसीर अली के फैंस के बीच सोशल मीडिया पर जंग भी छिड़ गई। लेकिन अब अमाल मलिक (Amaal Mallik) ने लंबा-चौड़ा ट्वीट शेयर कर बसीर अली से माफी मांगी है। उनका ये ट्वीट सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
अमाल मलिक (Amaal Mallik) ने अपनी पोस्ट में बताया कि उन्होंने अपने एकाउंट से कुछ ट्वीट बिना पढ़े या ध्यान दिये ही लाइक कर दिये थे। 'बिग बॉस 19' फेम अमाल मलिक ने इस बारे में कहा, "सबसे जरूरी चीज जिसे मैं प्वॉइंट आउट करना चाहूंगा कि मेरे दोस्त और मैनेजर कृष एंड मौर्जो ने बसीर के बारे में कुछ सही नहीं कहा है। हो सकता है कि ये सीधे नहीं बल्कि अप्रत्यक्ष रूप से उसके गाने को निशाना बनाना हो या वो जिस तरह से करियर में आगे बढ़ रहा हो, उसके बारे में हो जो कि पूरी तरह से गलत है। यहां तक कि मेरे एकाउंट से भी कुछ ट्वीट को लाइक किया गया है और रिलीज के उत्साह में मैंने पूरी चीज को बगैर पढ़े ही लाइक कर दिया हो, जिससे चीजें और बुरी हो गई हैं।"
अमाल मलिक (Amaal Mallik) ने माफी मांगते हुए आगे कहा, "मैं इन सभी चीजों के लिए माफी मांगता हूं और मैं दिल से सॉरी हूं कि मेरे भाई बसीर अली के साथ ये सब हुआ। मैं आभारी हूं कि वो समझदार है और इसने इन चीजों के बाद भी अभी तक कुछ नहीं कहा। मैं चाहता हूं कि हमारे फैंडम आपस में समझौता कर लें अगर आप हमें चाहते हैं तो, और ये किसी म्यूजिक वीडियो के लिए नहीं है। मुझे सच में बुरा लगा है जो चीजें हुई हैं। बसीर और उनके पूरे फैंडम से मैं माफी मांगता हूं।"
