शोएब इब्राहिम और दीपिका कक्कड़ ने मुंबई में खरीदी पहली प्रॉपर्टी, पूरा हुआ 13 साल पुराना सपना

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 24, 2022, 12:19 PM IST

Shoaib Ibrahim First Property In Mumbai: टीवी एक्टर शोएब इब्राहिम ने मुंबई में पहली प्रॉपर्टी खरीदी है। एक्टर चार साल पहले यह संपत्ति खरीदना चाहते थे लेकिन वो ये नहीं कर पाए थे।

शोएब इब्राहिम और दीपिका कक्कड़ ने मुंबई में खरीदी पहली प्रॉपर्टी, पूरा हुआ 13 साल पुराना सपना
Photo Credit: Instagram

टीवी एक्टर शोएब इब्राहिम इन दिनों काफी खुश हैं और चर्चा में बने हुए हैं। दरअसल उनका एक पुराना सपना पूरा हो गया है। एक्टर ने मुंबई में अपनी प्रॉपर्टी खरीदी है और सोशल मीडिया के जरिए फैंस को यह जानकारी दी। शोएब ने पत्नी और एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ के साथ वीडियो शेयर कर फैंस को यह जानकारी दी। इस दौरान दीपिका की खुशी भी साफ देखी जा सकती थी। 

शोएब ने फैंस को दी जानकारी

शोएब ने फैंस के साथ यह जानकारी शेयर करते हुए कहा, 'मैं आप सभी के साथ एक अच्छी खबर शेयर करना चाहता हूं। आखिरकार मैंने मुंबई में अपनी प्रॉपर्टी खरीद ली है। मैं 2009 में मुंबई आया था और आखिरकार 2022 में मैं एक घर खरीदने में कामयाब रहा। 13 साल का सपना अब पूरा होने जा रहा है। मैं मुंबई में अपने नाम से एक प्रॉपर्टी ले रहा हूं। सबसे खास बात यह है कि यह मैं अपनी मां के लिए यह घर खरीद रहा हूं।'

दीपिका कक्कड़ ने बताई ये बात

दीपिका ने बात करते हुए फैंस को बताया कि मुंबई के जिस फ्लैट में वो किराये पर रह रहे हैं, उसे ही उन्होंने खरीदा है। दीपिका ने कहा, 'अच्छी बात यही है कि जिस फ्लैट में हम रह रहे हैं, हमने मुंबई में अपनी पहली प्रॉपर्टी के तौर पर उसी फ्लैट को खरीदा है। जब शोएब, अम्मी और सभी लोग जब यहां शिफ्ट हुए तब यह उपलब्ध था और हमने इसे किराये पर ले लिया। तब से अब तक सब इसी फ्लैट में रह रहे हैं। 

चार साल पहले खरीदना चाहते थे

शोएब और दीपिका ने बताया कि वो चार साल पहले ही इस फ्लैट को खरीदना चाहते थे, तब मालिक इसे बेच रहा था, लेकिन उस समय हम उसे अफोर्ड नहीं कर पाए थे। दीपिका ने कहा कि अब वो इसे खरीद पा रहे हैं। शोएब ने आगे कहा, 'हर इंसान चाहता है कि उसका अपना घर हो और उसपर उसके नाम की नेमप्लेट हो। मैं इसे जल्दी खरीदना चाहता था लेकिन ऐसा हुआ नहीं क्योंकि मेरे पास कई जिम्मेदारियां हैं। लेकिन चीजें अब बेहतर हैं।'

इससे पहले खरीदी थी मर्सिडीज कार

इससे पहले इस साल मार्च में शोएब ने लग्जरी मर्सिडीज- बेंज जीएलएस कार खरीदी थी। इस कार की कीमत की बात करें तो मर्सिडीज बेंज की बेवसाइट के मुताबिक इसकी कीमत 1.13 करोड़ रुपये है। 

End of Article