TV actress Ekta Sharma: टीवी सीरियल बेपनाह प्यार, कुसुम और क्योंकि सास भी कभी बहू थी जैसे टीवी सीरियल में काम कर चुकी एक्ट्रेस एकता शर्मा पिछले काफी वक्त से लाइमलाइट से दूर हैं। एकता इन दिनों कॉल सेंटर में काम कर रही हैं। एकता ने एक इंटरव्यू में बताया कि उन्हें कोविड महामारी के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। यही नहीं, एकता प्रोफेशनल के अलावा पर्सनल लाइफ में भी बेहद परेशानियों से जूझ रही हैं। वह अपनी बेटी की कस्टडी के लिए लड़ रही हैं।
एकता शर्मा का शो बेपनाह प्यार साल 2020 में ऑफ एयर हो गया था। ई टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक कोरोना महामारी के कारण वह एक साल तक घर पर बैठी हुई थीं। साल 2021 में उन्होंने कॉल सेंटर में काम करना शुरू कर दिया। एकता ने से बातचीत में बताया, 'मेरे पास एक्टिंग के ऑफर नहीं आ रहे थे। मैं घर पर बैठकर अच्छे रोल का इंतजार नहीं कर सकती थी। इस कारण मैंने पिछले साल कॉल सेंटर में नौकरी करनी शुरू कर दी। मुझे एक्टिंग से प्यार है और जल्द ही इसमें वापसी करना चाहती हूं। मैं लगातार लुक टेस्ट और ऑडिशन दे रही हूं। मुझे उम्मीद है कि जल्द ही कुछ अच्छा होगा।'
एक्ट्रेस बोलीं- 'कोई काम, छोटा बड़ा नहीं होता'
एकता शर्मा आगे कहती हैं, 'कॉल सेंटर में काम करने में कोई समस्या नहीं है। कोई काम छोटा-बड़ा नहीं है जब तक मैं अपना जमीर न बेच दूं। ये दुखद है कि लगभग दो दशक तक टीवी इंडस्ट्री में काम करने के बाद मुझे काम नहीं मिल रहा है। मैं अपने दिवंगत पिता का शुक्रिया अदा करती हूं, जिन्होंने मुझसे कहा कि एक्टिंग में जाने से पहले अपना ग्रैजुएशन पूरा कर लो। उनकी इस सलाह के कारण ही मैं आज पैसे कमा रही हूं और अपना ख्याल रख रही हूं। मेरे ऑफिस के लोग सपोर्टिव हैं। मैं अपनी इंडस्ट्री के लोगों से निराश हूं जो मुझे काम देने के लिए आगे नहीं आए।'
अपनी बेटी की कस्टडी पर एकता कहती हैं, 'जिंदगी में एक ही वक्त में अलग-अलग घटानाएं हो रही हैं।' एकता फिलहाल किराए के अपार्टमेंट में अपनी मम्मी के साथ रह रही हैं। एकता ने साल 2000 में सीरियल डैडी समझा करो से डेब्यू किया था।

