देश के सबसे चर्चित रिएलिटी शोज में से एक बिग बॉस का 16वां सीजन जल्द शुरू होने वाला है। शो के इस सीजन को भी सलमान खान ही होस्ट करते नजर आएंगे और फैंस बेसब्री से इसके शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। फैंस इसे लेकर काफी एक्साइटेड हैं। शो के लिए सलमान खान की फीस से लेकर कंटेस्टेंट्स की लिस्ट तक सामने आ रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।
नुसरत जहां होंगी कंटेस्टेंट?
अब शो के लिए बंगाली एक्ट्रेस और सांसद नुसरत जहां का नाम भी शो की कंटेस्टेंट के तौर पर सामने आ रहा है। खबर है कि इस हाई-वोल्टेज ड्रामा, एंटरटेनिंग और विवादों के चलते चर्चा में रहने वाले शो के लिए नुसरत को मेकर्स ने अप्रोच किया है। हालांकि एक्ट्रेस और मेकर्स इस पर चुप्पी साधे हुए हैं और इसे लेकर कोई आधिकारिक घोषणा भी नहीं हुई है। लेकिन नुसरत अगले कुछ महीने काफी बिजी हैं। उनके पास फिल्मों के ऑफर हैं, ऐड फिल्म्स हैं। इसके साथ ही उनके पॉलिटिकल कमिटमेंट्स और अन्य कई प्रोजेक्ट्स भी हैं।
पिछले साल बनी थीं मां
मालूम हो कि नुसरत जहां पिछले साल मां बनी थीं। उन्होंने 19 जून 2019 को निखिल जैन से शादी की थी लेकिन उनकी शादी लंबे समय तक नहीं टिक सकी और दोनों का तलाक हो गया। नुसरत एक्टर यश दासगुप्ता संग रिलेशनशिप में हैं और दोनों का एक बेटा यीशान भी है। नुसरत एक्ट्रेस के साथ साथ सांसद भी हैं। वो पश्चिम बंगाल के बशीरहाट से सांसद हैं।
ये हो सकती है शो की थीम
शो बिग बॉस की बात करें तो हर साल अलग थीम देखने को मिलती है। माना जा रहा है कि इस बार शो की थीम एक्वा होगी। दर्शक अपने चहेते सितारों को उनके सबसे कैंडिड अंदाज में देखने के लिए हमेशा ही काफी रोमांचित रहते हैं। कलर्स चैनल पर ऑन एयर होने वाले बिग बॉस देश के सबसे बड़े रियलिटी शो में से एक है। जिसे सलमान खान 13वीं बार होस्ट करने जा रहे हैं, खबरों की मानें तो सलमान के शो के लिए हैवी फीस लिए जाने की बातें सामने आती रही है।

