शहर

VIDEO: देशभर में जले 'आशीर्वाद के दीये', महाकाल की नगरी भी हुई रोशन; आतिशबाजी और लाइट एंड साउंड शो ने बांधा समां

Ujjain News: पीएम मोदी के जन्मदिवस पर महाकाल की नगरी उज्जैन में आस्था और रोशनी का भव्य संगम देखने को मिला। क्षिप्रा नदी के तट पर 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम के दौरान विशेष आरती, लाइट एंड साउंड शो और आतिशबाजी ने माहौल को उत्सवमय बना दिया।

Image

उज्जैन में 'आशीर्वाद का दिया' बना आकर्षण का केंद्र (फोटो-ANI)

Ujjain News: 17 सितंबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर महाकाल की नगरी उज्जैन रोशनी से नहा उठी। क्षिप्रा नदी के तट पर सेवा-संकल्प अभियान के तहत आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन के दौरान क्षिप्रा तट पर विशेष आरती की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग शामिल हुए। आरती और धार्मिक अनुष्ठान के बीच नदी का किनारा दीपों, आकर्षक सजावट और रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा।

नितिन नवीन और मौहन यादव रहे मौजूद

कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मौजूद रहे। क्षिप्रा तट पर सजे रोशनी के इंतजाम और उमड़ी भीड़ के बीच पूरा माहौल उत्सवमय नजर आया। चारों ओर चमकती लाइटों और प्रकाश की छटा ने उज्जैन की शाम को खास बना दीया और लोगों में भी आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

लाइट एंड साउंड शो ने बांधा समां

आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ लाइट एंड साउंड शो का भी आयोजन किया गया। रोशनी और ध्वनि के शानदार संयोजन ने मौके पर मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। इसके बाद हुई आतिशबाजी ने आसमान को रंगीन कर दीया। क्षिप्रा के तट पर धार्मिक माहौल, जगमगाती रोशनी, लाइट एंड साउंड शो और आतिशबाजी का नजारा ऐसा रहा, मानो उज्जैन में दीपावली का उत्सव उतर आया हो।

दिल्ली में कर्तव्य पथ पर जलाए गए सवा लाख दीए

वहीं, पीएम मोदी के जन्मदिन पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 'आशीर्वाद का दीया' अभियान के तहत कर्तव्य पथ पर दीपक जलाए। अधिकारियों ने बताया कि कर्तव्य पथ लगभग 1.25 लाख मिट्टी के दीयों से जगमगा उठा। मिट्टी के कई दीयों का इस्तेमाल करके आशीर्वाद का दीया शब्द बनाए गए थे। इन दीयों को गुप्ता, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद बांसुरी स्वराज, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल और आम लोगों ने मिलकर जलाया।

लाल किले पर भी दीये जलाए गए, जहां भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल और भाजपा नेता सुनील बंसल ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। दिल्ली सरकार ने प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर शहर भर में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया। इससे पहले, रेखा गुप्ता ने अपने निर्वाचन क्षेत्र शालीमार बाग में 'नमो श्रमिक सेवा केंद्र' का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि श्रमिक केंद्र में मुफ्त में अपना पंजीकरण करा सकते हैं और दिल्ली व केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं। गुप्ता ने मोदी के जन्मदिन के मौके पर जीटी करनाल रोड पर स्थित खाटू श्याम मंदिर में एक यज्ञ में भी भाग लिया।

झारखंड से सिक्किम तक हुए आयोजन, जला 'आशीर्वाद का दीया'

भाजपा की झारखंड इकाई के अध्यक्ष आदित्य साहू ने पीएम मोदी के जन्मदिन पर कहा कि पार्टी ने राज्यभर में कई कार्यक्रम आयोजित किए, वहीं सिक्किम सरकार ने राज्यव्यापी स्वच्छता एवं सफाई अभियान की शुरुआत की और गंगटोक के रिज पार्क में 1,000 दीये जलाए गए। साहू ने बताया कि भाजपा युवा मोर्चा ने पार्टी मुख्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया, जबकि शाम को आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम के तहत खासकर सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के घरों में मिट्टी के दीये जलाए गए। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर जनसेवा के 25 वर्ष पूरे करने के उपलक्ष्य में कार्यक्रम 17 अक्टूबर तक आयोजित किए जाएंगे।

विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने मोदी के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री संजय सेठ ने दिव्यांगों को 38 लाख रुपये के 1,391 सहायक उपकरण वितरित किए। सिक्किम में राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर और मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग की मौजूदगी में 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक चलने वाले स्वच्छता ही सेवा अभियान की शुरुआत की गई। इस कार्यक्रम का उद्देश्य राज्यभर में स्वच्छता और कचरा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करना तथा नागरिकों की भागीदारी बढ़ाना है। कार्यक्रम में 'क्लीन हिल हिमालयन सिटीज इनिशिएटिव' का लोगो भी जारी किया गया। इस दौरान पांच मोबाइल ट्रीटमेंट यूनिट, दो सेसपूल वाहन और 10 संसाधन पुनर्प्राप्ति वाहनों समेत 17 वाहन रवाना किए गए।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें