Arjun Bijlani Remembers Father In Law In An Emotional Post: टीवी के मशहूर एक्टर अर्जुन बिजलानी ने अपनी एक्टिंग और अंदाज से लोगों का दिल जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। लेकिन बीती 1 जनवरी को अर्जुन बिजलानी के परिवार पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा। दरअसल, एक्टर के ससुर जी राकेश चंद्र स्वामी का निधन हो गया। बीते दिन अर्जुन बिजलानी के ससुर जी की प्रार्थना सभा भी थी, जिसमें टीवी के कई सितारे अर्जुन बिजलानी का दुख बांटने पहुंचे। वहीं हाल ही में अर्जुन बिजलानी (Arjun Bijlani) ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की है, जिसमें वह अपने ससुर जी को याद करते दिखाई दिये। अर्जुन बिजलानी ने फोटोज के कैप्शन में ये तक लिखा कि वह नेहा और आयान का खूब ख्याल रखेंगे।
ससुर जी राकेश चंद्र स्वामी को लेकर की गई अर्जुन बिजलानी (Arjun Bijlani) की ये पोस्ट सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। अर्जुन बिजलानी ने प्तनी नेहा स्वामी और ससुर राकेंद्र चंद्र स्वामी के साथ कुछ तस्वीरें साझा कीं। अर्जुन बिजलानी ने फोटोज के कैप्शन में ससुर जी को याद करते हुए लिखा, "ओम शांति पापा!! आपकी बातें और सीख हमेशा साथ रहेंगी। नेहा और आयान का पूरा ध्यान रखूंगा, चिंता मत करना। आपको हमेशा मेरा ढेर सारा प्यार। श्री राकेश चंद्र स्वामी, 1956-2026।" अर्जुन बिजलानी की इस पोस्ट पर राहुल वैद्य, मौनी रॉय, करण कुंद्रा, दिव्या अग्रवाल, टीना दत्ता, रीम शेख, स्मृति खन्ना और किशोरी शहाणे जैसे कई सितारों ने कमेंट किये।
बता दें कि अर्जुन बिजलानी (Arjun Bijlani) और नेहा स्वामी छुट्टियां मनाने दुबई गए थे। लेकिन राकेश चंद्र स्वामी के आकस्मिक निधन के कारण अर्जुन बिजलानी और नेहा स्वामी दुबई से तुरंत लौटकर मुंबई आए। खबरों की मानें तो अर्जुन बिजलानी के ससुर जी का निधन दिल का दौरा पड़ने के कारण हुआ था। वहीं चंद दिनों पहले ही अर्जुन बिजलानी और नेहा स्वामी के भाई निशांक स्वामी ने हरिद्वार पहुंच गंगा नदी में उनका अस्थि विसर्जन किया था।
