Anurag Dobhal New Vlog: मशहूर यूट्यूबर अनुराग डोभाल की जिंदगी बीते कुछ दिनों में पूरी तरह बदल चुकी है. एक समय था जब अनुराग डोभाल अपनी जान लेना चाहते थे और इसी वजह से उन्होंने लाइव आकर अपना एक्सीडेंट तक कर दिया, लेकिन अब अनुराग पिता बन चुके हैं. राम नवमी के शुभ मौके पर अनुराग की पत्नी रितिका चौहान ने बेटे को जन्म दिया, जिसके बाद यूट्यूबर ने अपनी नई जिंदगी बेटे के नाम की. अब अनुराग ने पिता बनने के बाद पहला व्लॉग बनाया है, जिसमें उन्होंने अपने किए पर पछतावा जाहिर किया है. इतना ही नहीं, उन्होंने अपने किए पर माफी भी मांगी है.
अनुराग डोभाल को गलती पर हुआ पछतावा
अनुराग डोभाल (Anurag Dobhal ) अपनी पत्नी और बेटे से ऋषिकेश जाकर मिल चुके हैं. अनुराग और ऋतिका की अस्पताल से वीडियो और तस्वीरें सामने आए हैं, जिसमें दोनों बच्चे के साथ खुश हैं. वहीं, अब अनुराग ने अपना वीडियो शेयर किया है, जो उन्होंने अस्पताल जाने से पहले बनाया था लेकिन पोस्ट अब किया है. इस वीडियो में सबसे पहले अनुराग अपने सभी फैंस से माफी मांगते हैं. अनुराग ने कहा कि उन्होंने जो कदम अपनी जिंदगी में उठाया है, वो गलत था. उन्होंने एक्सीडेंट के बाद अपनी कार की हालत देखी तो उनके भी होश उड़ गए थे. उन्हें इस बात की हैरानी थी कि वह कैसे बच गए. अनुराग ने आगे अपने उन सभी साथियों का धन्यवाद दिाय, जो इस मुश्किल वक्त में उनके साथ खड़े रहे.
पत्नी रितिका संग होंगे अनुराग डोभाल के रिश्ते ठीक
इस वीडियो में आगे अनुराग डोभाल ने वो पूरा पल दिखाया, जिसमें वह अपनी पत्नी और बेटे से मिले. अनुराग घर से लेकर अस्पताल तक पहुंचने तक फैंस से जुड़े रहे. इस मौके पर वह अपनी पत्नी रितिका और बेटे के साथ दिखे. वीडियो में अनुराग और रितिका बहुत प्यार से बात करते हुए दिखे. ऐसा लग रहा था कि वह अपनी पत्नी रितिका के साथ सभी पुरानी चीजें ठीक करने की कोशिश करने वाले हैं, हो सकता है कि आने वाले दिनों में बच्चे के लिए कपल अपने बीच की दूरियों को कम कर लें. हालांकि, यहां सवाल अब अनुराग का उनके परिवार संग रिश्ते पर भी उठ रहा है.हालांकि, फैंस अनुराग और रितिका के लिए खुश हैं.
