Anurag Dobhal Brother Kalam Dobhal Post Viral After His Accident: 'बिग बॉस 17' से सुर्खियां बटोरने वाले अनुराग डोभाल अपने पारिवारिक मसले के कारण काफी सुर्खियों में बने हुए हैं। अनुराग डोभाल ने चंद दिनों पहले वीडियो शेयर कर परिवार पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया था। साथ ही बताया था कि इससे परेशान होकर उनके मन में खुदकुशी के ख्याल आ रहे हैं। अनुराग डोभाल ने तेज रफ्तार कार चलाते हुए आत्महत्या की कोशिश भी की थी। दिल्ली-मेरठ हाईवे पर एक्सीडेंट के बाद अनुराग डोभाल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अब उनकी हालत ठीक है और उन्हें आईसीयू से जनरल वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। लेकिन अनुराग डोभाल के एक्सीडेंट के बाद अब उनके भाई कलम डोभाल की पोस्ट सामने आई है, जिसमें उन्होंने दावा किया कि लोगों को इमोशनल बनाकर सच से दूर रखा गया है। कलम डोभाल ने बताया कि अब वह कानूनी सहारा लेकर सच को सामने लाएंगे।
अनुराग डोभाल (Anurag Dobhal) के भाई कलम डोभाल ने इससे पहले भी अपने ब्रॉडकास्ट चैनल पर यूके राइडर के खिलाफ कई सबूत साझा किये थे। वहीं अब उन्होंने अनुराग डोभाल को आड़े हाथों लेते हुए कहा, "हर सबूत के साथ कल एक वीडियो पोस्ट करूंगा। जो चीजें मेरे और मेरे परिवार के साथ हुई हैं। मैं दो दिन से इसलिए चुप था, क्योंकि मेरा परिवार है, जिसकी मुझे देखभाल करनी है। मेरे पिता बहुत चीजों से गुजरे हैं और मां भी। मुझे नहीं पता किये वक्त मेरे मां-बाप कैसे काटेंगे। तो इससे पहले कि देर हो जाए, मुझे एक बार सच बाहर लाने की जरूरत है। मैं कानूनी तौर पर भी ये करूंगा और मुझे भारत के कानून पर पूरा भरोसा है। जो सच होगा, वो सामने तो आकर ही रहेगा। बात यहां सच की है और सच के लिए अगर मुझे किसी भी हद तक जाना पड़े, मैं जाऊंगा।"
अनुराग डोभाल (Anurag Dobhal) के भाई कलम डोभाल यहीं नहीं रुके। उन्होंने इस बारे में बात करते हुए आगे कहा, "अभी तक आप लोगों को बस इमोशनल करके सच से दूर रखा गया। जो कुछ हुआ, उसका मुझे भी बुरा लगा है और मेरे माता-पिता को भी। पर इससे वो झूठ सच नहीं हो जाता है। क्योंकि अभी तक जो भी आरोप मुझपर और मेरी होने वाली पत्नी पर, मेरे मां-बाप पर लगाए गए हैं, उसका कोई भी सबूत अभी तक नहीं दिया गया है। मैंने उस दो घंटे की वीडियो के सारे सबूत अपने ब्रॉडकास्ट में डाले हैं। और जब दूसरी तरफ से कोई भी सबूत नहीं दिया गया तो एक ऐसा कदम उठा गया, जिसके कारण लोग सही-गलत को भूलकर बस इमोशन में आकर सपोर्ट करने लगे।"
अनुराग डोभाल (Anurag Dobhal) के भाई कलम डोभाल ने इंस्टाग्राम स्टोरी में गुबार निकालते हुए आगे लिखा, "क्या अभी तक मुझपर लगे एक भी आरोप का कोई सबूत दिया गया है? मैं चाहूंगा कि अगर मैं गलत हूं, जैसा बताया जा रहा है तो उसके सबूत दिये जाएं। बाकी की बातें कल वीडियो में होगी। भगवान सच को तो नहीं छुपने देगा, इतना मुझे भरोसा है। अगर मैं गलत हूं तो मैं सजा के लिए तैयार हूं। और अगर मैं सही तो मुझे इंसाफ भी अब वो लोग दिलाएंगे जो अभी तक मुझे और मेरे मां-बाप को गालियां दे रहे हैं।"
