Yash Starrer Toxic: साउथ फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार यश को आखिरी बार 'केजीएफ: चैप्टर 2' में देखा गया था। प्रशांत नील के निर्देशन में बनी इस मूवी ने दुनिया भर के बॉक्स ऑफिस पर कमाई के मामले में बड़े-बड़े रिकार्ड्स को ध्वस्त कर दिया था। फिल्म में यश को रॉकी भाई के किरदार में देखकर फैन्स बेहद खुश हुए थे। 'केजीएफ: चैप्टर 2' के बाद अब ऑडियंस साउथ एक्टर यश को बड़े परदे पर देखने के लिए बेताब हैं। यश के एक वीडियो उनकी आने वाली फिल्म 'टॉक्सिक' के सेट से लीक हुआ है, जिसे देखकर फैन्स की बेताबी फिल्म को देखने की 100 गुना तक बढ़ गई है।
हाल ही में यश की फिल्म 'टॉक्सिक' के सेट से एक वीडियो ऑनलाइन लीक हुआ है, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया। इस क्लिप में यश बालकनी में बिना शर्ट, आराम से सिगरेट पीते हुए नजर आ रहे हैं। यश का यह अंदाज उनके फैन्स को खूब पसंद आ रहा है। सोशल मीडिया पर यश को इस वीडियो में देखने के बाद लोगों ने कमेंट्स की बौछार कर दी है। एक यूजर ने लिखा, 'जरा स्वैग तो देखो!' वहीं दूसरे ने कहा, 'रॉकी भाई का स्वैग सबसे अलग है।'
गीतू मोहनदास के निर्देशन में बन रही यश की फिल्म 'टॉक्सिक' को देखने के लिए फैन्स बेताब हैं। इस मूवी में यश के साथ नयनतारा, कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया, हुमा कुरेशी, रुक्मिणी वसंत, अक्षय ओबेरॉय और सुदेव नायर सहित कई कलाकार अहम रोल में दिखाई देंगे। फिल्म में यश के अपोजिट मेकर्स ने कियारा आडवाणी को कास्ट किया है। 'टॉक्सिक' को मेकर्स हिंदी, तमिल और तेलुगु में रिलीज करने वाले हैं। फिल्म अगले साल 19 मार्च के दिन रिलीज होगी।
इस मूवी के अलावा यश के पास नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' भी है, जिसे दो पार्ट्स में बनाया जा रहा है। फिल्म में यश को रावण के रूप में देखा जाएगा और भगवान राम की भूमिका में रणबीर कपूर को देखा जाएगा। यह मूवी अगले साल दिवाली के खास मौके पर सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
