साउथ मूवीज

‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ के बाद राघव जुयाल की नई उड़ान, साउथ सिनेमा में करेंगे धमाकेदार एंट्री

Raghav Juyal Next Movie: राघव जुयाल इस समय अपने करियर का पीक एन्जॉय कर रहे हैं। उनकी एक्टिंग के धमाल को देखकर फिल्म निर्माता इंप्रेस हो रहे हैं। बैड्स ऑफ बॉलीवुड के बाद राघव अब एक दमदार साउथ मूवी में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में राघव का किरदार एकदम धांसू होने वाला है।

Image

Image Source: Raghav Juyal Post

Raghav Juyal Next Movie: अपनी बेहतरीन डांस स्किल्स और कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों का दिल जीत चुके राघव जुयाल( Raghav Juyal) अब धीरे-धीरे एक मजबूत अभिनेता के रूप में पहचान बना रहे हैं। हाल ही में उनकी नेटफ्लिक्स सीरीज “द बैड्स ऑफ बॉलीवुड” रिलीज हुई है, जिसमें उनके अभिनय की खूब तारीफ हो रही है। नवोदित निर्देशक आर्यन खान के निर्देशन में बनी यह सीरीज़ दर्शकों को राघव का एक नया और जोशीला अंदाज दिखाती है। राघव इन दिनों इसके प्रमोशन में बिजी हैं और लगातार अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर नज़र आ रहे हैं।

अब राघव जुयाल अपने करियर का एक नया अध्याय शुरू करने जा रहे हैं। वह साउथ फिल्म इंडस्ट्री में एंट्री लेने वाले हैं और तेलुगु सुपरस्टार नानी( Nani) के साथ अपनी पहली तेलुगु फिल्म “द पैराडाइज़” में नजर आएंगे। यह एक बड़े स्तर का एक्शन ड्रामा होगा, जिसका निर्देशन श्रीकांत ओडेला कर रहे हैं। फिल्म की रिलीज मार्च 2026 में तय की गई है।

मिड-डे से बातचीत में राघव ने फिल्म को लेकर अपनी खुशी दिखाते हुए कहा, “श्रीकांत ओडेला का विज़न कमाल का है। जिन्होंने उनकी पिछली फिल्म दशहरा (2023) देखी है, वे जानते हैं कि वह कहानी को किस तरह जीवंत बना देते हैं। द पैराडाइज के साथ काम करना मेरे लिए बेहद रोमांचक अनुभव है। मैं बस यही कह सकता हूं कि मेरे लुक का इंतजार कीजिए, यह आपको चौंका देगा।”

राघव ने आगे कहा कि इतने बड़े स्टार नानी के साथ एक नई इंडस्ट्री में काम करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा, “नानी के साथ काम करना किसी ट्रीट से कम नहीं है। वह बहुत ही सहज और शानदार इंसान हैं। यह फिल्म सिर्फ तेलुगु ऑडियंस के लिए नहीं, बल्कि पैन-वर्ल्ड रिलीज़ के लिए बनाई जा रही है। इसे स्पेनिश और अंग्रेजी में भी शूट किया जा रहा है।”

दिलचस्प बात यह है कि इस फिल्म में राघव एक खलनायक के किरदार में दिखाई देंगे , जो उनके करियर का अब तक का सबसे अलग और एक्शन-भरा रोल होगा। राघव ने कुछ समय पहले द पैराडाइज़ की शूटिंग शुरू की थी, लेकिन द बैड्स ऑफ बॉलीवुड के प्रमोशन में व्यस्त होने के कारण उन्हें बीच में ब्रेक लेना पड़ा। अब वे अगले हफ्ते हैदराबाद लौटकर फिल्म की शूटिंग दोबारा शुरू करेंगे, जहाँ नानी भी सेट पर शामिल होंगे।

archana vashisht
अर्चना वशिष्ठ author

अर्चना वशिष्ठ पिछले तीन वर्षों से मीडिया इंडस्ट्री का हिस्सा रही हैं। उन्हें ट्रेंडी और एंगेजिंग स्टाइल में एंटरटेनमेंट खबरें लिखना बेहद पसंद है। वह ... और देखें

End of Article