R Madhavan on CM Vijay: बॉलीवुड के स्टार एक्टर आर. माधवन (R Madhavan) जल्द ही फिल्म जीडीएन में नजर आने वाले हैं। ये फिल्म 7 अगस्त को बड़े पर्दे पर रिलीज होगी। इस फिल्म को देखने के लिए लोग बेताब हैं। इस बीच आर. माधवन ने तमिलनाडु के सीएम विजय (Vijay) को लेकर बड़ी बात कह दी है। उन्होंने सीएम विजय की तारीफ में कसीदे पढ़े हैं। आइए इस रिपोर्ट में जानते हैं आर माधवन ने क्या कहा...(Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-Ranbir Kapoor से पहले महेश बाबू को मिला था भगवान राम के किरदार का ऑफर? मेकर्स ने तोड़ी चुप्पी)
आर. माधवन ने सीएम विजय को लेकर कही ये बात
आर. माधवन ने हाल ही में तमिलनाडु की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि राज्य में अच्छे बदलाव देखने को मिल रहे हैं और उन्हें खुशी है कि उनके पुराने दोस्त विजय अब तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बन गए हैं। माधवन ने कहा कि अब उन्हें अपने दोस्त को 'सीएम विजय' कहकर बुलाना पड़ता है। हालांकि, उन्होंने साफ कर दिया कि उनका राजनीति में आने का कोई इरादा नहीं है। बिहाइंडवुड्स को दिए इंटरव्यू में निर्देशक के.एस. रविकुमार ने जब उनसे तमिलनाडु की राजनीति पर सवाल किया, तो माधवन ने कहा कि अब लोगों को भरोसा होने लगा है कि बदलाव जल्दी भी आ सकता है। उन्होंने बताया कि वह विजय को लंबे समय से जानते हैं और दोनों अच्छे दोस्त हैं। बातचीत के दौरान के.एस. रविकुमार ने अपनी फिल्म 'मनमधन अंबु' का भी जिक्र किया, जिसे उदयनिधि स्टालिन ने प्रोड्यूस किया था। उन्होंने कहा कि उस समय उदयनिधि के बेटे इनबा छोटे थे, लेकिन अब वह बड़े हो चुके हैं। रविकुमार ने कहा कि राजनीति में प्रतिस्पर्धा स्वस्थ होनी चाहिए और अगर जनता का भला होता है तो उन्हें सबसे ज्यादा खुशी होगी।
आर माधवन ने राजनीति को 'दोधारी तलवार' बताते हुए कहा कि इसमें अच्छा काम करने पर भी आलोचना होती है और गलती होने पर भी लोग निशाना बनाते हैं। उनके मुताबिक, राजनीति में चाहे कुछ भी कर लें, आलोचना करने वाले हमेशा मौजूद रहते हैं। जब माधवन से पूछा गया कि क्या उन्होंने कभी राजनीति में आने के बारे में सोचा है, तो उन्होंने साफ शब्दों में इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि राजनीति में आने के लिए लोगों की सेवा करने का भाव होना चाहिए, जबकि उनके अंदर ऐसा विचार नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री बनने या लोगों का नेतृत्व करने की कोई इच्छा नहीं है।
