Ramayana Update: बॉलीवुड स्टार रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) की फिल्म 'रामायण' (Ramayana) पर सभी की नजरें टिकी हुई है। इस फिल्म को देखने के लिए लोग बेताब हैं। हाल ही में फिल्म रामायण का ट्रेलर रिलीज हुआ, जिसे देखकर लोग गदगद हो गए। इसमें रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में दिव्य लग रहे हैं। वहीं यश का रावण वाला लुक भी किलर है। सोशल मीडिया पर ये खबरें वायरल हो रही हैं कि 'रामायण' में भगवान राम के रोल के लिए पहले मेकर्स ने महेश बाबू को अप्रोच किया था। अब इन खबरों पर मेकर्स ने चुप्पी तोड़ दी है। आइए पूरी बात जानते हैं इस रिपोर्ट में...(Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-Awarapan 2: कब आएगा इमरान हाशमी की मूवी का धांसू ट्रेलर, मेकर्स ने दिया बड़ा अपडेट)
क्या भगवान राम के लिए मेकर्स की पहली पसंद थे महेश बाबू
नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' की घोषणा के बाद से ही इसकी स्टारकास्ट को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। खबरें थीं कि भगवान राम के किरदार के लिए कई बड़े सितारों के नाम पर विचार किया गया था। हालांकि अब फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा और निर्देशक नितेश तिवारी ने साफ कर दिया है कि भगवान राम के रोल के लिए उनकी पहली और इकलौती पसंद रणबीर कपूर ही थे। कॉमिक-कॉन 2026 के दौरान स्क्रीन रैंट से बातचीत में नमित मल्होत्रा ने बताया कि शुरुआत से ही उन्होंने और नितेश तिवारी ने भगवान राम के किरदार के लिए रणबीर कपूर को चुना था। उन्होंने कहा कि रणबीर एक बड़े स्टार हैं और उन्हें किसी दूसरे विकल्प के बारे में सोचने की जरूरत ही नहीं पड़ी। उनका पहला लक्ष्य रणबीर को इस फिल्म के लिए तैयार करना था।
बता दें कि इस बयान के बाद फिल्म की कास्टिंग को लेकर लंबे समय से चल रही अफवाहों पर भी विराम लग गया है। पहले ऐसी खबरें सामने आई थीं कि भगवान राम के किरदार के लिए महेश बाबू का नाम भी चर्चा में था। वहीं, सीता के रोल के लिए दीपिका पादुकोण और रावण के किरदार के लिए ऋतिक रोशन के नाम भी सामने आए थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उस समय महेश बाबू अपनी दूसरी फिल्मों और एसएस राजामौली के साथ एक बड़े प्रोजेक्ट में व्यस्त थे, इसलिए वह इस फिल्म का हिस्सा नहीं बन सके। वहीं, दीपिका पादुकोण का नाम भी फिल्म से जुड़ा रहा, लेकिन उन्होंने कभी आधिकारिक तौर पर इस प्रोजेक्ट को साइन नहीं किया। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण' में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के किरदार में नजर आएंगे। करीब 4,000 करोड़ रुपये के बजट में बन रही इस मेगा फिल्म का मार्केटिंग बजट भी लगभग 40 मिलियन डॉलर बताया जा रहा है। फिल्म दो भागों में रिलीज होगी, जिसका पहला पार्ट दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में दस्तक देगा।
