Pawan Kalyan on Jana Nayagan: आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम और साउथ सुपरस्टार पवन कल्याण इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म उस्ताद भगत सिंह की वजह से चर्चा में बनी हुई हैं। उनकी ये फिल्म 19 मार्च को बड़े पर्दे पर रिलीज होगी। खास बात तो ये है कि इसी दिन धुरंधर 2 भी रिलीज हो रही है। ऐसे में उस्ताद भगत सिंह और धुरंधर 2 के बीच टक्कर देखने को मिल सकती है। इस बीच पवन कल्याण ने एक इंटरव्यू में थलापति विजय की मूवी जन नायकन को लेकर चल रहे विवाद पर रिएक्ट किया है।
पवन कल्याण ने कही ये बात
पवन कल्याण ने विजय की आने वाली फिल्म जन नायकन के सेंसर सर्टिफिकेशन में देरी को लेकर उठे विवाद पर अपनी बात रखी है। फिल्म कई महीनों से सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) से क्लियरेंस का इंतजार कर रही है, जिससे टीम के कुछ लोगों ने सरकार पर आरोप लगाए थे। हाल ही में थांथी टीवी को दिए इंटरव्यू में पवन कल्याण ने इन दावों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि देरी किसी बाहरी दखल या सरकार की वजह से नहीं हुई है। यह सिर्फ मुश्किल प्रक्रियाकी वजह से है। सेंसर बोर्ड के फैसले स्वतंत्र होते हैं और इन्हें किसी से जोड़ना गलत है। पवन ने कहा, 'जन नायकन का मामला सेंसर बोर्ड स्तर पर ठीक से नहीं संभाला गया, यह सही नहीं है।' अपनी फिल्म OG का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि टीम के कुछ सदस्यों ने कहा था कि उनकी राजनीतिक कनेक्शन से सर्टिफिकेट आसानी से मिल सकता है। लेकिन पवन ने साफ मना कर दिया। उन्होंने कहा कि फिल्म में बहुत हिंसा है, इसलिए A सर्टिफिकेट मिलना ही सही है। 'मैंने उन्हें कहा कि नियम सबके लिए बराबर हैं, किसी के लिए बदल नहीं सकते। सेंसर बोर्ड ने A सर्टिफिकेट ही दिया। अगर मैंने दबाव डाला होता तो वे कहते कि हम अलग संस्था हैं, किसी से जुड़े नहीं।'
पवन कल्याण की मूवी का है सभी को इंतजार
पवन कल्याण ने जन नायकन टीम के इस मुद्दे को सार्वजनिक रूप से ऊपर उठाने के फैसले पर भी सवाल उठाए। उनके अनुसार, ऐसा करने से मामला और उलझ जाता है और सेंसरशिप प्रक्रिया में और देरी होती है। बताते चलें कि पवन कल्याण की फिल्म उस्ताद भगत सिंह का लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अब देखना ये दिलचस्प होगा कि उस्ताद भगत सिंह और धुरंधर 2 में से किसे लोग ज्यादा प्यार देते हैं।
