Vijay's Jana Nayagan: साउथ सुपरस्टार थलापति विजय के फैन्स उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'जन नायकन' की रिलीज का इंतजार बड़ी बेताबी से कर रहे हैं। यह मूवी साल की शुरुआत में रिलीज होनी लेकिन बार-बार इसे टाल दिया जा रहा है। ताजा जानकारी जो सामने आई है उसके मुताबिक विजय की फिल्म की रिलीज में अब और देरी हो सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो 'जन नायकन' को आज यानी 9 मार्च दोपहर करीब 2 बजे केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) की समीक्षा समिति के सामने प्रदर्शित किया जाना था। इस मूवी की रिलीज के लिए समिति का फैसला अहम था। हरकोई यह जाने के लिए बेताब था कि इस मूवी की रिलीज आगे बढ़ेगी या नहीं लेकिन आज यह स्क्रीनिंग नहीं होगी।
इस वजह से टाल दी गई विजय स्टारर की स्क्रीनिंग
तेलुगु123 की रिपोर्ट के अनुसार विजय की फिल्म की स्क्रीनिंग को रद्द कर दिया गया है। ऐसा इसलिए हुआ है क्योंकि समीक्षा समिति के एक सदस्य की तबीयत खराब है। इसके चलते स्क्रीनिंग को स्थगित करना पड़ा है। मूवी के रिव्यू के लिए नई डेट तय की जाएगी। इस अप्रत्याशित देरी से फिल्म की रिलीज की प्लानिंग पर असर पड़ सकता है। कई रिपोर्ट्स में यह भी बताया जा रहा था कि इस मूवी को मेकर्स 19 मार्च के दिन रिलीज करने की प्लानिंग कर रहे थे।
केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) के साथ चल रहे बड़े विवाद के कारण 'जन नायकन' की रिलीज को अनिश्चितकाल तक के लिए टाल दिया गया है। शुरुआत में बोर्ड ने कुछ मामूली कट्स के लिए कहा था लेकिन लास्ट मौके पर एक गुमनाम शिकायत के चलते सीबीएफसी ने फिल्म को 9 जनवरी को रिलीज होने से कुछ दिन पहले समीक्षा समिति के पास भेज दिया था। केवीएन प्रोडक्शंस ने मंजूरी के लिए मद्रास उच्च न्यायालय का रुख किया। एक न्यायाधीश ने शुरू में फिल्म के पक्ष में फैसला सुनाया लेकिन सीबीएफसी की अपील के बाद रोक आदेश जारी कर दिया गया। यह मामला अभी भी चल रहा है।
