Salaar Makers of clash with Dunki: बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) इस वक्त सफलता के रथ पर सवाल हैं। साल 2023 में उनकी जवान और पठान धमाल मचा चुकी हैं और अब डंकी के साथ वो फैमिली ऑडियंस का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं। फिल्म डंकी की सीधी टक्कर साउथ सुपरस्टार प्रभास की सलार से है, जो एक दिन बाद बॉक्स ऑफिस पर कदम रखेगी। फिल्म सलार के मेकर्स ने डंकी के साथ होने वाले क्लैश पर दो-टूक जवाब दिया है और कहा है कि उन्हें उम्मीद है कि डिस्ट्रीब्यूटर्स डंकी और सलार के बीच 50-50 प्रतिशत मूवी स्क्रीन्स बाटेंगे।
फिल्म के निर्माता विजय ने मीडिया से बात करते हुए कहा है, 'हमने फिल्म सलार (Salaar) की रिलीज डेट का ऐलान अपने विश्वास के ऊपर किया है। हमने कई सारी चीजों को ध्यान में रखकर फिल्म सलार की रिलीज डेट तय की है। हम अपनी मूवी 22 दिसम्बर के दिन रिलीज करेंगे। फिल्म डंकी और एक्वामैन 21 दिसम्बर को रिलीज होंगी लेकिन हम अपनी मूवी 22 दिसम्बर के दिन ही लाएंगे।'
फिल्म सलार के निर्माता ने डंकी (Dunki) के साथ होने वाले क्लैश पर बात की और कहा, 'हम नहीं चाहते हैं कि इस क्लैश की वजह से चीजें खराब हो जाएं। हमें उम्मीद है कि सलार और फिल्म डंकी के बीच 50-50 प्रतिशत स्क्रीन्स बांटी जाएंगी। इससे दोनों फिल्मों को अच्छी कमाई करने का मौका मिलेगा।'
'अगर हमारी मूवी अकेले रिलीज होती तो सलार की ऑक्यूपेंसी 60-70 प्रतिशत के बीच रहती लेकिन डंकी की वजह से दोनों फिल्मों के बीच स्क्रीन्स का बंटवारा होगा और ऐसे में दोनों फिल्मों की ऑक्यूपेंसी 90 प्रतिशत तक रहेगी। ये दोनों फिल्मों के लिए फायदे का सौदा है।'
