तेलंगाना सरकार ने बुधवार को गद्दार तेलंगाना फिल्म पुरस्कार के 2024 के विजेताओं की घोषणा की। इस लिस्ट में अल्लू अर्जुन का नाम भी शामिल है। बता दें अल्लू अर्जुन को उनकी हालिया रिलीज पुष्पा 2 के लिए बेस्ट का पुरस्कार मिला है। जिसके बाद अल्लू अर्जुन के फैंस के बीच खुशी का माहौल है।
अपनी जीत के बाद अल्लू अर्जुन ने अपने सोशल मीडिया पर जीत की खुशी जाहिर की है। एक्टर ने खास नोट लिखकर तेलंगाना सरकार के प्रति आभार जताया है। अल्लू अर्जुन ने लिखा, "गद्दार तेलंगाना फिल्म अवार्ड्स 2024 में पुष्पा 2 के लिए पहला बेस्ट एक्टर का पुरस्कार पाकर मैं सच में सम्मानित महसूस कर रहा हूं। इस सम्मान के लिए तेलंगाना सरकार को तहे दिल से धन्यवाद।"
फैंस को समर्पित किया पुरस्कार
अल्लू अर्जुन ने अपनी जीत का श्रेय 'पुष्पा 2' के निर्देशक सुकुमार को दिया है। एक्टर ने लिखा- "सारा श्रेय मेरे निर्देशक सुकुमार गारु, मेरे निर्माताओं और पूरी पुष्पा टीम को जाता है। मैं यह पुरस्कार अपने सभी फैंस को समर्पित करता हूं, आपका अटूट समर्थन मुझे प्रेरित करता रहता है।" पुष्पा: द रूल में अल्लू अर्जुन, रश्मिका मंदाना, फहद फासिल, जगपति बाबू, सुनील और राव रमेश सहित अन्य सितारे नजर आए थे। फैंस ने इस फिल्म को काफी ज्यादा पसंद किया था।
फिल्म ने तोड़े थे कई रिकॉर्ड
5 दिसंबर 2024 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई "पुष्पा 2" ने बॉक्स-ऑफिस के कई रिकॉर्ड तोड़े थे। पुष्पा 2 ने भारत में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म, साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म, दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली तेलुगु फिल्म और दुनिया भर में तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बनी थी।
