साउथ के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन (Allu Arjun) की फिल्म 'राका' (Raaka) का अच्छा खासा बज बना हुआ है। इस फिल्म में अल्लू अर्जुन के साथ दीपिका पादुकोण नजर आएंगी। फिल्म को लेकर हर दिन कोई न कोई नई खबर सामने आ रही है। इस बीच अल्लू अर्जुन की फिल्म 'राका' को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। नई रिपोर्ट में ये दावा किया गया है कि मेकर्स मूवी को हिट करवाने के लिए धुरंधर वाली स्ट्रैटेजी अपनाने वाले हैं। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-Ramayana मेकर्स को Shri Ramlila Mahasangh ने दी चेतावनी, कर डाली प्रिव्यू स्क्रीनिंग की डिमांड)
2 पार्ट्स में रिलीज होगी राका
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार मेकर्स फिल्म 'राका' को एक नहीं बल्कि दो पार्ट में रिलीज करने पर विचार कर रहे हैं। हालांकि अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि फिल्म की कहानी और इसका स्केल इतना बड़ा हो गया है कि इसे एक ही फिल्म में दिखाना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में मेकर्स कहानी के साथ पूरा न्याय करने के लिए दो पार्ट का विकल्प देख रहे हैं। फिल्म की शूटिंग का बड़ा हिस्सा अभी बाकी है। अगर पूरी कहानी को सिर्फ तीन घंटे की फिल्म में दिखाया गया, तो कई अहम हिस्सों को हटाना पड़ सकता है। इसलिए निर्देशक एटली फिलहाल इस बात पर काम कर रहे हैं कि कहानी को किस तरह पेश किया जाए। अंतिम फैसला शूटिंग पूरी होने के बाद ही लिया जाएगा। फिल्म की पूरी टीम को एटली के विजन पर पूरा भरोसा है और अल्लू अर्जुन भी उन्हें पूरा समय दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि अल्लू अर्जुन ने दिसंबर 2026 तक अपनी डेट्स सिर्फ 'राका' के लिए रखी हैं। इसके बाद वह लोकेश कनगराज की सुपरहीरो फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगे।
जानकारी के मुताबिक, 'राका' की कहानी दो अलग-अलग समयकाल पर आधारित होगी। एक हिस्सा पौराणिक और वैदिक युग में दिखाया जाएगा, जबकि दूसरा हिस्सा आधुनिक समय में होगा। खबर है कि अल्लू अर्जुन इस फिल्म में एक से ज्यादा किरदार निभाते नजर आ सकते हैं। फिल्म में दीपिका पादुकोण, मृणाल ठाकुर, रश्मिका मंदाना और जाह्नवी कपूर भी अहम भूमिकाओं में हैं। वहीं, शाहरुख खान के कैमियो की भी चर्चा है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है। सन पिक्चर्स के बैनर तले बन रही इस वीएफएक्स से भरपूर फिल्म की शूटिंग दिसंबर 2026 तक पूरी होने की उम्मीद है। इसके बाद पोस्ट-प्रोडक्शन का काम शुरू होगा और मेकर्स 2027 के आखिर में फिल्म को सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी कर रहे हैं।
