The Ba***ds of Bollywood Review: द बैड्स ऑफ बॉलीवुड (The Bads of Bollywood) आर्यन खान (Aryan Khan) का वन मैन शो है, जिसमें आधी से ज्यादा इंडस्ट्री नजर आती है। इस शो की कहानी एक नाजायज रिश्ते पर आधारित है, जिसे आर्यन खान ने कन्विक्शन के साथ बनाया है। नेटफ्लिक्स का नया शो द बैड्स ऑफ बॉलीवुड न केवल एंटरटेन करता है बल्कि ये भी समझाता है कि बॉलीवुड डायरेक्टर्स कन्विक्शन के साथ कहानी बताना भूल गए हैं।
The Ba***ds of Bollywood Review: जब से साउथ इंडस्ट्री की फिल्मों ने हिन्दी स्पीकिंग स्टेट्स में धांसू कमाई करना शुरू किया है, हर कोई ये सवाल पूछ रहा है कि बॉलीवुड कहां मात खा रहा है? आर्यन खान की द बैड्स ऑफ बॉलीवुड इसका जवाब लेकर आई है और बताती है कि असल में हिन्दी डायरेक्टर्स उस कन्विक्शन के साथ सिनेमा बनाना भूल चुके हैं, जिसके लिए कभी वो जाने जाते थे। आर्यन खान ने द बैड्स ऑफ बॉलीवुड में एकदम बॉलीवुडिया कहानी दिखाई है लेकिन उसे इतने कन्विक्शन के साथ बनाया है कि दर्शक 7 घंटों तक टीवी स्क्रीन से चिपके रहेंगे।
द बैड्स ऑफ बॉलीवुड एक नाजायज रिश्ते की कहानी है, जिसमें इमोशन है...एक्शन है..., ड्रामा है..., ट्रेजडी है..., कॉमेडी है और फिल्म इंडस्ट्री का काला चेहरा है। बीते कुछ सालों में हमने फिल्म इंडस्ट्री के बारे में जितना कुछ पढ़ा और सुना है आर्यन खान ने द बैड्स ऑफ बॉलीवुड में वो सब दिखाया है लेकिन अपने गूफी और फनी अंदाज में...। द बैड्स ऑफ बॉलीवुड की कहानी एकदम देसी है, जो हम कई बार देख चुके हैं लेकिन इसे जिस परिवेश में ढाला गया है और जिस तरह से दिखाया गया है वो इसे खास बनाता है।
द बैड्स ऑफ बॉलीवुड के साथ आर्यन खान ने डायरेक्शन में शानदार डेब्यू किया है। आर्यन खान ने इस शो के साथ बता दिया है कि उनकी रगों में शाहरुख खान के खून के साथ-साथ सिनेमा भी बहता है। भले ही वो सिल्वर स्पून के साथ पैदा हुए हों और उनके पिता शाहरुख खान बॉलीवुड के बादशाह हों लेकिन वो हिन्दी सिनेमा और हिन्दी ऑडियंस को अच्छे से समझते हैं। बड़े-बड़े डायरेक्टर्स मेगास्टार्स और बड़ा बजट पाकर बहके हैं लेकिन आर्यन खान ने डेब्यू शो में इन दोनों चीजों का जिस तरह से यूज किया है, वो उनकी काबिलीयत को दर्शाता है। द बैड्स ऑफ बॉलीवुड का प्रेजेंटेशन बताया है कि सिनेमा को लेकर आर्यन खान की समझ गहरी है, जो आने वाले दिनों इंडस्ट्री के लिए फायदेमंद साबित होगी।
द बैड्स ऑफ बॉलीवुड में बॉबी देओल, लक्ष्य लालवानी, राघव जुयाल, सहर बांबा, मोना सिंह, मनोज पाहवा, अन्या सिंह, मनीष चौधरी, रजत बेदी, गौतमी कपूर और विजयंत कोहली जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में दिखाई देते हैं। इन सभी के कैरेक्टर्स बहुत ही अच्छे तरीके से लिखे गए हैं, जिस कारण हर कोई पर्दे पर अच्छा लगता है। जहां बॉबी देओल और लक्ष्य लालवानी को लार्जन दैन लाइफ अवतार में देखकर आत्मा तृप्त हो जाती है तो वहीं सहर बांबा, मोना सिंह, मनोज पाहवा, अन्या सिंह, मनीष चौधरी, रजत बेदी, गौतमी कपूर और विजयंत कोहली की सटल परफॉर्मेंसेज दिल जीतती हैं। राघव जुयाल गली के लौंडे के अवतार में फिर से चौंकाते हैं और लक्ष्य के साथ उनकी जुगलबंदी मु्स्कुराहट बिखेरती है।
कम शब्दों में कहा जाए तो आर्यन खान का नया शो द बैड्स ऑफ बॉलीवुड एंटरटेनिंग है, जिसे एक बार देखना शुरू करेंगे तो खत्म करके ही उठेंगे। 7 एपिसोड्स का ये शो कहीं पर भी धीमा या बोझिल नहीं होता है बल्कि एक के बाद एक स्पेशल कैमियो और ट्विस्ट एंड टर्न्स से बांधें रखता है। हम अपनी ओर से इस शो को 4 स्टार देते हैं। इस वीकेंड अगर आप घर पर ही वक्त बिताना चाहते हैं तो आर्यन खान का शो जरूर देखें। आपका मजा दोगुना हो जाएगा।