War 2 Box office Day 1: बॉलीवुड एक्टर ऋतिक रोशन और साउथ सुपरस्टार जूनियर एनटीआर की जोड़ी वाली फिल्म 'वॉर 2' 14 अगस्त के दिन दुनिया भर के सिनेमाघरों में पहुंची। 'वॉर 2' की हाइप लोगों के अंदर साफ देखने को मिली। 'वॉर 2' के साथ साउथ इंडस्ट्री के लोकप्रिय अभिनेता रजनीकांत की 'कुली' भी रिलीज हुई। दोनों के तगड़े क्लैश के बाद भी ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर की फिल्म 'वॉर 2' 50 करोड़ रुपये से ज्यादा की ओपनिंग लेने में सफल साबित हुई है। यह आंकड़ा बेहद शानदार है। लॉन्ग वीकेंड होने की वजह से 'वॉर 2' को बड़ा फायदा होने वाला है। आइए देखें 'वॉर 2' ने पहले दिन कितने करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है।
हाफ सेंचुरी लगाने में सफल साबित हुई 'वॉर 2'
Sacnilk द्वारा साझा किए गए अर्ली एस्टिमेट्स के मुताबिक ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर की स्पाई थ्रिलर 'वॉर 2' ने ओपनिंग डे पर 52.50 करोड़ रुपये कमाए हैं। हालांकि इस रेस में रजनीकांत की 'कुली' ने भले ही बाजी मार ली हो लेकिन 'वॉर 2' के लिए यह आंकड़ा भी किसी तोहफे से कम नहीं है। इस मूवी के पास ज्यादा से ज्यादा कमाई करने के लिए तीन हैं। वीक डेज में 'वॉर 2' के कलेक्शन में गिरावट देखने को मिल सकती है।
अयान मुखर्जी के निर्देशन में बनी फिल्म 'वॉर 2' में कियारा आडवाणी भी लीड रोल में नजर आ रही हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इस मूवी को बनाने में मेकर्स ने 400 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। रिपोर्ट्स बताती हैं कि 'वॉर 2' के लिए ऋतिक रोशन ने 50 करोड़ रुपये और जूनियर एनटीआर ने 70 करोड़ रुपये फीस चार्ज की है।
