Dhurandhar 2 Box office Collection: बॉलीवुड स्टार रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 का अच्छा खासा बज बना हुआ है। फिल्म धुरंधर 2 19 मार्च को रिलीज हुई थी। आदित्य धर की इस मूवी को लोग दिल खोलकर प्यार दे रहे है। यही वजह है कि धुरंधर 2 बॉक्स ऑफिस पर हर दिन गर्दा उड़ा रही है। बीते दिन धुरंधर 2 ने दुनियाभर में 1000 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ली थी। इस बीच ये खबर सामने आई है कि धुरंधर 2 ने 8 वें दिन भी गदर मचा दिया है। आइए नजर डालते है इस रिपोर्ट पर...
धुरंधर 2 ने 8 वें दिन मचाया गदर
रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर: द रिवेंज बॉक्स ऑफिस पर लगातार कमाल कर रही है। आदित्य धर द्वारा निर्देशित इस फिल्म में रणवीर सिंह, संजय दत्त, आर माधवन और अर्जुन रामपाल मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म ने अपने एक्सटेंडेड पहले हफ्ते में भारत में 800 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है। सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने अपने दूसरे गुरुवार को अनुमानित 49.70 करोड़ रुपये की कमाई की है। फिल्म की शुरुआत बहुत मजबूत रही। प्रीव्यू शोज से ही इसे 43 करोड़ रुपये मिले। आधिकारिक रिलीज वाले दिन यानी 19 मार्च को गुरुवार को फिल्म ने 102.55 करोड़ रुपये कमाए। शुक्रवार को 80.72 करोड़ रुपये का कलेक्शन रहा, लेकिन वीकेंड पर रफ्तार पकड़ते हुए शनिवार को 113 करोड़ और रविवार को 114.85 करोड़ रुपये कमाए। इस तरह फिल्म ने अपना पहला वीकेंड 454.12 करोड़ रुपये नेट कलेक्शन के साथ खत्म किया। सोमवार को कलेक्शन में गिरावट आई और फिल्म ने 65 करोड़ रुपये कमाए। उसके बाद मंगलवार को 56.60 करोड़ और बुधवार को 48.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन रहा। आठवें दिन यानी दूसरे गुरुवार को 49.70 करोड़ रुपये कमाने के बाद फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 674.17 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं भारत में ग्रॉस कलेक्शन 800 करोड़ रुपये के पार पहुंचकर 805.32 करोड़ रुपये हो चुका है।
धुरंधर 2 ने इन फिल्मों का तोड़ा रिकॉर्ड
बता दें कि रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 के पास थिएटर्स में कई हफ्ते बाकी हैं। धुरंधर 2 अब अपनी पहली फिल्म धुरंधर के लाइफटाइम कलेक्शन को पकड़ने की कोशिश कर रही है। पहली फिल्म ने 1007.85 करोड़ रुपये ग्रॉस का बिजनेस किया था, जबकि उसका भारत में नेट कलेक्शन 840.20 करोड़ रुपये रहा था। विदेशी बाजार में भी फिल्म अच्छा प्रदर्शन कर रही है। अभी तक विदेशों से अनुमानित 261.92 करोड़ रुपये का कलेक्शन हो चुका है। इससे यह अपनी पहली फिल्म के मात्र 8 दिनों में फिल्म ने शाहरुख खान की पठान और प्रभास-दीपिका पादुकोण की कल्कि 2898 AD को पीछे छोड़ दिया है। इस तरह धुरंधर 2 अब सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों में अपनी जगह पक्की कर चुकी है।
