बॉलीवुड के गलियारों से कुछ समय पहले ऐसी खबरें सामने आई थीं कि अनीस बज्मी (Anees Bazmi) और शाहिद कपूर (Shahid Kapoor) एक कॉमेडी मूवी पर साथ काम कर रहे हैं, जिसकी शूटिंग जल्द ही शुरू होने वाली है। हालांकि इस खबर के चंद दिनों बाद ये सुनने में आया कि शाहिद कपूर फिल्म की स्क्रिप्ट से खुश नहीं हैं और उन्होंने अनीस बज्मी की मूवी को अचानक ही छोड़ने का फैसला लिया है। शाहिद कपूर के इस कदम के बाद इंडस्ट्री में ऐसी बातें हुई थीं कि अनीस बज्मी भविष्य में कभी भी शाहिद संग मूवी नहीं बनाएंगे। भूल भुलैया 3 (Bhool Bhulaiyaa 3) डायरेक्टर अनीस बज्मी ने मीडिया से इस बारे में बात की और कहा है कि अगर उन्हें मौका मिलेगा तो वो शाहिद कपूर के साथ भविष्य में जरूर काम करेंगे।
जब अनीस बज्मी ने पूछा गया कि क्या वो अभी भी शाहिद कपूर से नाराज हैं क्योंकि उन्होंने अचानक ही उनकी फिल्म छोड़ दी थी तो डायरेक्टर ने कहा, 'वो फिल्म अभी भी मेरे दिमाग में है और जहां तक बात रही दुश्मनी या मनमुटाव की तो मैं न किसी को दुश्मन माने बैठा हूं और न ही मैं किसी से नाराज हूं। शाहिद कपूर का काम करने का अपना तरीका है और उन्हें लगा कि वो मेरे साथ कम्फर्टेबल नहीं होंगे। इसमें कोई बुराई नहीं है। अगर हम दोनों का आगे चलकर कभी मन बनता है तो हम हाथ मिलाएंगे। हम दोनों कोई दुश्मनी नहीं हो गई है कि हम कभी साथ काम ही नहीं कर सकते हैं।'
अनीस बज्मी ने आगे बताया कि उनके और शाहिद कपूर के रिश्ते अब भी सामान्य हैं। दोनों एक-दूसरे की इज्जत करते हैं और जब भी मिलते हैं तो खूब सारी बातें करते हैं। अनीस बज्मी ने शाहिद को अच्छा एक्टर बताते हुए कहा कि वो जरूर एक दिन उनके साथ काम करेंगे। बताते चलें कि अनीस बज्मी इन दिनों अपनी दिवाली रिलीज भूल भुलैया 3 को लेकर चर्चा में हैं, जो सिंघम अगेन के साथ रिलीज हुई थी। दिवाली के मौके पर इन दोनों ने मिलकर बॉलीवुड को 500 करोड़ का कारोबार करके दिया है, जिससे सभी खुश हैं।
