Bollywood Stars on Satish Shah Death: बॉलीवुड और टीवी वर्ल्ड आज गमगीन है। दिग्गज एक्टर सतीश शाह (Satish Shah), जिन्हें हम सब 'सराभाई वर्सेज सराभाई' (Sarabhai vs Sarabhai) में इंद्रावदन सराभाई के रोल से जानते हैं, वो अब हमारे बीच नहीं रहे। 74 साल की उम्र में किडनी फेलियर की वजह से उनका निधन हो गया। मुंबई के हिंदूजा हॉस्पिटल में उन्हें भर्ती किया गया था, जहां आज सुबह उन्होंने आखिरी सांस ली। खबर ब्रेक होते ही सोशल मीडिया पर फैंस और इंडस्ट्री वाले सदमे में आ गए। अब स्टार्स सतीश शाह को श्रद्धांजलि देते नजर आए। तो चलिए जानते है किस स्टार ने क्या पोस्ट किया और कैसे एक्टर सतीश शाह को याद किया।
Telly Talk से बातचीत के दौरान राजेश कुमार (Rajesh Kumar) ने कहा, 'ये मेरे लिए सबसे बुरा वक्त है। अभी भी यकीन नहीं हो रहा कि सतीश जी अब हमारे बीच नहीं हैं। ऐसा लगता है जैसे मैंने अपने पिता को खो दिया। वो जिंदादिल इंसान थे, ह्यूमर से भरे हुए, हर चीज को चैलेंज करते थे। एक्टर के तौर पर उन्होंने अपनी छाप छोड़ी। ये इंडस्ट्री और हमारी 'सराभाई' (Sarabhai vs Sarabhai) फैमिली के लिए बहुत बड़ा नुकसान है। उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करें। अभी ज्यादा कुछ कह नहीं पा रहा हूं, क्योंकि मन ठीक नहीं है।'
अशोक पंडित (Ashoke Pandit) ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर अपने दोस्त सतीश शाह के निधन पर दुख जताया। उन्होंने लिखा, "बहुत दुख और सदमे के साथ बता रहा हूं कि हमारे प्यारे दोस्त और शानदार एक्टर सतीश शाह का कुछ घंटे पहले किडनी फेलियर से निधन हो गया। उन्हें हिंदूजा हॉस्पिटल ले जाया गया था, जहां उन्होंने आखिरी सांस ली। इंडस्ट्री के लिए बड़ा नुकसान। ओम शांति।'
अमीषा पटेल (Ameesha Patel), जिन्होंने सतीश जी के साथ अपनी पहली फिल्म 'कहो ना प्यार है' (Kaho Naa Pyaar Hai) में काम किया था, उन्होंने इंस्टा स्टोरी पर लिखा, "ये दिल तोड़ने वाली खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। मुझे अपनी डेब्यू फिल्म 'कहो ना प्यार है' में उनके साथ काम करने का मौका मिला। कमाल के एक्टर थे और बेहतर इंसान थे। ओम शांति।'
मधुर भंडारकर (Madhur Bhandarkar) ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, 'सतीश शाह सर के निधन की खबर से गहरा सदमा लगा। बड़े पर्दे और टीवी पर उन्होंने अपने अलग-अलग रोल्स और शानदार परफॉर्मेंस से हमें एंटरटेन किया। उनके परिवार और फैंस को मेरी गहरी संवेदनाएं। ओमशांति।'
करण जौहर (Karan Johar) ने भी सतीश शाह के निधन पर दुख जताया। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर सतीश जी की फोटो शेयर की और लिखा, 'ओम शांति ।'
फराह खान (Farah Khan), जिन्होंने सतीश जी को 'मैं हूं ना' (Main Hoon Na) में डायरेक्ट किया था, उन्होंने भी दुख जताया। उन्होंने लिखा, 'सतीश, तुमसे मिलना और साथ काम करना हमेशा खुशी देता था। तुम मुझे रोज मीम्स और जोक्स भेजते थे, वो बहुत मिस करूंगी।'
शिल्पा शिरोडकर (Shilpa Shirodkar) ने श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, 'उनके परिवार और दोस्तों को इस मुश्किल वक्त में ताकत मिले। ओम शांति ।'
जॉनी लीवर (Johnny Lever) ने तस्वीरों के साथ इमोशनल नोट शेयर किया। उन्होंने लिखा, 'बहुत दुख हो रहा है ये बताते हुए कि हमने एक महान कलाकार और मेरे सबसे प्यारे दोस्त को खो दिया। यकीन नहीं होता, दो दिन पहले ही उनसे बात हुई थी। सतीश भाई, तुम्हें बहुत मिस करेंगे। फिल्म और टीवी में तुम्हारा योगदान कभी नहीं भुलाया जाएगा।'
तारा देशपांडे (Tara Deshpande) ने सतीश जी के फैमिली-फ्रेंडली ह्यूमर को याद किया और लिखा, "अलविदा आम लोगों के लिए होता है, सतीश शाह जैसे कॉमेडी के सितारों के लिए नहीं। आपकी हंसी, वो साफ-सुथरी कॉमेडी जिसे हम अपने मम्मी-पापा के साथ देखते थे, वो फैमिली वैल्यूज, रोजमर्रा की जिंदगी का सादा लेकिन अनमोल ह्यूमर इसके लिए शुक्रिया। आपको बहुत मिस करेंगे।'
सत्यजीत दुबे (Satyajeet Dubey) ने अपनी पहली फिल्म 'ऑलवेज कभी कभी' (Always Kabhi Kabhi) में सतीश जी के साथ काम करने की यादें साझा कीं। उन्होंने लिखा, 'सतीश शाह सर के निधन की खबर से बहुत दुख हुआ। वो गजब के एक्टर थे, हर फ्रेम में चमक बिखेरते थे। मुझे अपनी डेब्यू फिल्म 'ऑलवेज कभी कभी' में उनके साथ काम करने का मौका मिला और उनकी गर्मजोशी और टैलेंट मेरे साथ हमेशा रहेगा।'
