Sunny Deol Get One More Ramayan Universe Movie: बॉलीवुड के मशहूर एक्टर सनी देओल ने अपनी फिल्मों और अंदाज से लोगों का खूब दिल जीता है। सनी देओल की एक्टिंग और अंदाज लोगों को बेहद कमाल का लगता है। आखिरी बार सनी देओल को फिल्म 'जाट' में देखा गया था। इसके अलावा भी सनी देओल की झोली में कई ऐसी फिल्में हैं जिसका दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। सनी देओल यूं तो नितेश तिवारी की 'रामायण' में नजर आने ही वाले हैं, जिसमें वह भगवान हनुमान का किरदार अदा करेंगे। लेकिन खास बात तो यह है कि सनी देओल (Sunny Deol) के हाथ एक और 'रामायण' युनिवर्स की फिल्म लगी है।
मिड डे की रिपोर्ट के मुताबिक, सनी देओल (Sunny Deol) के हाथ प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा की मूवी लगी है। इस फिल्म में भी सनी देओल भगवान हनुमान का किरदार अदा करते हुए नजर आ सकते हैं। नमित मल्होत्रा भगवान हनुमान पर म्यूजिकल मूवी बनाने की तैयारी में हैं, जिसमें बॉलीवुड के तारा सिंह यानी सनी देओल को भगवान हनुमान का किरदार अदा करना है। खुद प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा का मानना है कि मूवी के लिए सनी देओल से बेहतर कोई नहीं हो सकता है। इस फिल्म में आध्यात्म के साथ-साथ एक्शन भी देखने को मिलेगा।
नमित मल्होत्रा की मूवी के बारे में बात करते हुए सूत्र ने मिड डे कहा, "रामायण में हनुमान के सीन तैयार करने के बाद से ही उन्हें समझ आ गया था कि इस किरदार के लिए एक अलग स्टेज भी होना चाहिए। सनी पाजी का नाम बार-बार उनकी स्क्रीन प्रेजेंस, शारीरिक बनावट के लिए सामने आ रहा था और एक बात ये भी है कि वह पहले ही ओरिजनल मूवी का हिस्सा हैं।" बताया जा रहा है कि इस फिल्म में संगीत का भी अहम किरदार होगा, जिसके जरिए फिल्म में भगवान हनुमान की कथा बताई जाएगी। हालांकि इस मामले पर अभी सनी देओल और मेकर्स की ओर से आधिकारिक पुष्टि होनी बाकी है।
इन फिल्मों में भी नजर आएंगे सनी देओल
बता दें कि सनी देओल (Sunny Deol) के पास इस वक्त कई फिल्में मौजूद हैं, जिसमें 'बॉर्डर 2', 'लाहौर 1947', 'गबरू' और 'रामायण' जैसी मूवीज शामिल हैं।
