सलमान खान ने साल 2015 में आदित्य पंचोली के बेटे सूरज पंचोली और सुनील शेट्टी की बेटी अथिया शेट्टी को अपने बैनर में बनी फिल्म हीरो से लॉन्च किया था। जहां सूरज पंचोली अब तक बॉलीवुड में अपनी जगह बना रहे हैं तो वहीं अथिया शेट्टी ने सिर्फ 3 फिल्में करने के बाद इंडस्ट्री छोड़ने का फैसला लिया है। सुनील शेट्टी ने टाइम्स नाउ के साथ बात करते हुए ये खुलासा किया है कि अथिया फिल्मों से दूर जा चुकी हैं क्योंकि वो मां बनने के बाद पूरा समय अपने परिवार को देना चाहती हैं। सुनील शेट्टी के खुलासे से अथिया के फैंस थोड़े से निराश हैं लेकिन वो एक्ट्रेस के फैसले का सम्मान भी कर रहे हैं।
सुनील शेट्टी ने बताया, 'अथिया ने फिल्म इंडस्ट्री से दूर होने का फैसला किया है ताकि वो अपने परिवार पर ध्यान दे सके और मां बनने के अहसास को ठीक तरह से फील कर पाए। मोतीचूर चकनाचूर के बाद अथिया को कई सारे ऑफर्स आए थे लेकिन उसने किसी को भी हां नहीं कहा क्योंकि वो फिल्में नहीं करना चाह रही थी। उसे लगता था कि फिल्मों से दूर रहना ही उसके लिए ठीक है और वो मूवीज करने में कम्फर्टेबल नहीं थी। उसने कहा कि बाबा मैं और काम नहीं करना चाहती हूं।'
बताते चलें कि अथिया ने फिल्म हीरो से जरूर फिल्मों में एंट्री मारी थी लेकिन उन्हें पहचान उनकी आखिरी मूवी मोतीचूर चकनाचूर से मिली थी। इस फिल्म में वो एक चालाक दुल्हन के रूप में दिखी थीं, जो विदेश जाने के चक्कर में बौने लड़के से शादी कर लेती है। दर्शकों को अथिया की कॉमेडी पसंद आई थी और सबने एक्ट्रेस की काफी तारीफ भी की थी लेकिन इस मूवी के बाद अथिया ने फिल्मों को बाय कहने का फैसला ले लिया।
