Kussh on Nikita Roy's disappointing performance: 18 जुलाई के दिन सिनेमाघरों में 'सैयारा', 'निकिता रॉय' और 'तन्वी: द ग्रेट' सहित तीन फिल्में रिलीज हुई थीं। बाकी दोनों फिल्मों को मात देकर 'सैयारा' ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर अभी तक कब्जा जमाया हुआ है। यह मूवी अब धीरे-धीरे 300 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल होने की ओर बढ़ रही है। 'सैयारा' से अहान पांडे और अनीत पड्डा ने बतौर लीड एक्टर्स बॉलीवुड डेब्यू किया है। ऐसे में अब 'निकिता रॉय' के निर्देशक कुश सिन्हा ने अपनी मूवी की खराब बॉक्स ऑफिस परफॉर्मेंस पर खुलकर बात की है। हैरानी की बात यह है कि दोनों ही फिल्में मुश्किल से 2 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर पाई हैं।
दैनिक भास्कर से बात करते हुए कुश सिन्हा ने 'निकिता रॉय' के खराब बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन के बारे में बात की। कुश ने बॉक्स ऑफिस पर 'सैयारा' की धांसू कमाई को देखते हुए कहा, 'हम अपनी फिल्म के लिए ज्यादा से ज्यादा स्क्रीन्स लेने की कोशिश कर रहे थे लेकिन कभी-कभी एक लहर आती है और सब कुछ बहा ले जाती है।' कुश सिन्हा ने आगे कहा कि 'तन्वी: द ग्रेट' को जहां कई सिनेमाघरों से हटा दिया गया है वहीं 'निकिता रॉय' को प्रदर्शकों की ओर से पॉजिटिव रिस्पांस मिल रहा है। निकिता रॉय के पास अभी भी स्क्रीन हैं।
कुश सिन्हा ने 'सैयारा' की टीम को बधाई दी है। उन्होंने कहा, 'कोई भी इस लहर का अंदाजा नहीं लगा सकता था। मुझे खुशी है कि इस रोमांटिक मूवी के जरिए दो नए लोगों को मौका मिला है। वाईआरएफ को इसके लिए बधाई।' 'निकिता रॉय' के बारे में बात करते हुए कुश सिन्हा ने आगे कहा, 'अच्छी बात यह है कि निकिता रॉय एक ओरिजिनल स्टोरी है। हमने इसे कहीं से भी नहीं लिया है।'
