shahid kapoor and karan johar dance in Sid-kiara sangeet: कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा आज अपने इस रिश्ते को एक नया नाम देने वाले हैं। कपल लंबी डेटिंग के बाद आज अपने परिवार और करीबीयों की बीच सात फेरे लेगा। जी हां, आखिरकार वह दिन आ गया है जब बॉलीवुड का पसंदीदा कपल शादी करेगा। कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा आज 7 फरवरी को शादी के बंधन में बंधने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। सिद्धार्थ और कियारा अपनी शादी को मीडिया की नजरों से दूर प्राइवेट करना चाहते थे इसलिए उन्होंने तैयारियों में लगे स्टाफ के लिए नो फोन पॉलिसी लागू की हुई है। कियारा और सिड की शादी के लिए जैसलमेर का सूर्यगढ़ पैलेस जगमगा उठा है।
अब कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा के संगीत से जुड़ी इनसाइड जानकारी सामने आई है। इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के अनुसार, संगीत बेहद उत्साह के बीच आयोजित किया गया था। संगीत में अभिनेता सिद्धार्थ ने कियारा के भाई मिशाल के साथ स्टेज पर परफॉर्म किया। मिशाल एक रैपर, संगीतकार और संगीत निर्देशक हैं। उनके बारे में बताया गया है कि मिशाल ने अपनी बहन के लिए एक खास सॉन्ग भी तैयार किया था।
करण जौहर और शाहिद कपूर भी संगीत में स्टेज से ज्यादा दूर नहीं थे। दोनों ने सिड के वायरल गाने काला चश्मा पर थिरकते हुए परफॉरमेंस दी। इन पूरी परफॉर्मेंस के दौरान होने वाली दुल्हन कियारा शरमा रही थीं। आयोजन स्थल से एक और रोमांचक जानकारी यह है कि हरि और सुखमनी को भी संगीतमय रात के लिए बुलाया गया था। यह जोड़ी पहले कटरीना और विक्की की शादी में आई थी। बताया जा रहा है कि उन्होंने बीती रात अंग्रेजी और पंजाबी गानों का मिश्रण गाया था।
आपको बताते चलें कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा, पहली बार लस्ट स्टोरीज की रैप-अप पार्टी में मिले थे। आखिरकार दोनों अपनी पहली फिल्म 'शेरशाह' की शूटिंग के दौरान करीब आ गए। कियारा ने 'कॉफी विद करण सीजन 7' में इसका खुलासा किया था। उन्होंने कहा था, 'हमने लस्ट स्टोरीज की रैप-अप पार्टी में बात करना शुरू किया था। हम अचानक से मिले थे। मैं उस रात को कभी नहीं भूलूंगी।'
