Satish Kaushik Last Tweet: बॉलीवुड अभिनेता सतीश कौशिक ने 9 मार्च के दिन इस दुनिया को अलविदा कह दिया। सतीश कौशिक की मृत्यु दिल का दौरा पड़ने की वजह से गुरुग्राम में हुई। वो अपने एक दोस्त से मिलने के लिए जा रहे थे, जिस वक्त उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। सतीश कौशिक की मृत्यु के बाद से ही उनका आखिरी ट्वीट इंटरनेट पर जमकर वायरल हो रहा है। इस ट्वीट में उन्होंने अपने फैंस और चाहनेवालों को होली की शुभकामनाएं दी थीं। सतीश कौशिक ने 7 मार्च के दिन अपने दोस्तों के साथ होली सेलीब्रेट की थी, जिसकी तस्वीरें उन्होंने फैंस के साथ शेयर की थीं।
सतीश कौशिक ने अपने आखिरी ट्वीट में लिखा था, 'मैंने होली के मौके पर जानकी कुटीर जुहू में जमकर रंग खेला। इस पार्टी का इंतजाम जावेद अख्तर, शबाना आजमी, तन्वी आजमी ने किया था। पार्टी में मेरी मुलाकात अली फजल और ऋचा चड्ढा से भी हुई जिनकी नई-नई शादी हुई है। मेरी तरफ से सभी को होली की बहुत-बहुत बधाई।' सतीश कौशिक ने इस ट्वीट के साथ कुछ फोटोज भी फैंस के साथ शेयर की थीं, जिन पर फैंस खूब प्यार बरसा रहे हैं।
पोस्टमार्टम के बाद सतीश कौशिक का शव मुंबई के लिए रवाना होगा
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो अभिनेता सतीश कौशिक के शव का पोस्टमार्टम गुरुग्राम के एक प्राइवेट अस्पताल में होगा, जिसके बाद उसे मुंबई के लिए रवाना किया जाएगा। मुंबई में सतीश कौशिक का परिवार रहता है। सतीश कौशिक सालों से फिल्म इंडस्ट्री में एक्टिव थे और उनके करोड़ों चाहने वाले हैं। अनुपम खेर और अनिल कपूर जैसे अभिनेता सतीश कौशिक के पक्के दोस्तों थे, जो इस वक्त काफी दुखी हैं।
