Aanya Tiwari Exclusive: छत्तीसगढ़ से निकलकर मुंबई नगरी में अपनी पहचान बनाने वाली आन्या तिवारी इन दिनों फिल्म 'सरकारी बच्चा' की वजह से चर्चा में बनी हुई हैं। हाल ही में आन्या की ये फिल्म रिलीज हुई है, जिसे लोगों ने पसंद किया है। बता दें कि आन्या तिवारी ने इस मूवी से बॉलीवुड इंडस्ट्री में धमाल मचा दिया है। इस बीच एक्ट्रेस आन्या ने 'टाइम्स नाउ नवभारत' से खास बातचीत की है, जिसमें उन्होंने एक से बढ़कर एक खुलासा किया है। इस बीच आन्या ने नेपोटिज्म के मुद्दे पर भी अपनी चुप्पी तोड़ी है।
आन्या तिवारी ने ऐसे तय किया बॉलीवुड का सफर
एक्ट्रेस आन्या तिवारी ने एक्सक्लूसिव बातचीत में बताया कि इस सफर में फैमिली ने उनका काफी साथ दिया है। पहले तो उनके घरवालों को शक था कि वो एक्टिंग की दुनिया में अपनी जगह बना पाएंगी या नहीं...हालांकि बाद में आन्या के पिता ने उनका पूरा साथ दिया। एक्ट्रेस ने आउटसाइडर के रूप में अपनी जर्नी के बारे में भी हमसे चर्चा की। आन्या ने कहा कि इसके लिए उन्होंने काफी मेहनत की और उसका फल भी उन्हें मिला है। आन्या ने कहा कि इंडस्ट्री में नेपोटिज्म है और बाहरी लोगों को दिक्कत का सामना भी करना पड़ता है, लेकिन अगर आपकी तपस्या सच्ची है तो आप अपना रास्ता खुद बना ही लेते हैं।
आन्या ने की इस एक्टर की तारीफ
एक्ट्रेस आन्या तिवारी की फिल्म 'सरकारी बच्चा' में रुसलान मुमताज, बृजेंद्र काला, हेमंत चौधरी और जूनियर महमूद जैसे कलाकारों ने अपनी अदाकारी का जलवा बिखेरा हैं। एक्सक्लूसिव बातचीत में आन्या ने जूनियर महमूद की दिल खोलकर कर तारीफ की। उन्होंने कहा कि सरकारी बच्चा जूनियर महमूद सर की आखिरी मूवी थी। वो खुद को लकी मानती हैं कि उन्होंने इतने बड़े एक्टर के साथ काम किया। एक्ट्रेस ने ये भी कहा कि जूनियर महमूद इंडस्ट्री में इतने साल काम करने के बाद भी जमीन से जुड़े हुए थे। बताते चलें कि आन्या तिवारी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और अक्सर अपनी तस्वीरें और वीडियोज शेयर करती रहती हैं। उनके हर एक पोस्ट पर लोग प्यार बरसाते हैं।
