बिजनेस

लिस्ट होते ही Jio का धमाका! मार्केट कैप में इन दिग्गज कंपनियों को छोड़ा पीछे

जियो की शेयर बाजार में धमाकेदार लिस्टिंग हुई है। लिस्ट होते ही जियो प्लेटफॉर्म मार्केटकैप के हिसाब से देश की 5 सबसे बड़ी कंपनियों में शामिल हो गई है। अगर टॉप 10 के हिसाब से देखें, तो इसने

Image

लिस्टिंग के साथ ही देश की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी बनी जियो

रिलायंस समूह की Jio Platform आज भारतीय बाजार में लिस्ट हो गई है। IPO इश्यू प्राइस की तुलना में 21 फीसदी के प्रीमियम पर लिस्ट होने के साथ ही जियो प्लेटफॉर्म 12 लाख करोड़ से ज्यादा के मार्केट कैप के साथ देश की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी बन गई है।

कंपनी का शेयर IPO के इश्यू प्राइस ₹1,119 के मुकाबले NSE पर ₹1,358 पर लिस्ट हुआ। इस तरह निवेशकों को लिस्टिंग पर करीब 21.4% का प्रीमियम मिला। लिस्टिंग के साथ ही कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर ₹12.5 लाख करोड़ के पार पहुंच गया।

₹1374.50 तक पहुंचा शेयर

लिस्टिंग के बाद शुरुआती कारोबार में Jio Platforms के शेयर में तेजी जारी रही। NSE पर शेयर ₹1,374.50 के ऊपरी स्तर तक पहुंच गया। सुबह 10:13 बजे के आसपास शेयर ₹1,357 पर कारोबार कर रहा था। यह इश्यू प्राइस से ₹238 यानी 21.27% ज्यादा था। उस समय कंपनी का कुल मार्केट कैप ₹12,49,665 करोड़ दर्ज किया गया। हालांकि, शेयर की कीमत में उतार-चढ़ाव के साथ मार्केट कैप भी बदलता रहेगा।

रैंककंपनी का नाममार्केट कैप (₹ लाख करोड़)
1Reliance Industries16.11
2Jio Platforms12.5
3Bharti Airtel11.95
4HDFC Bank10.47
5ICICI Bank9.92
6TCS9.03
7State Bank of India (SBI)8.77
8Bajaj Finance5.66
9Larsen & Toubro (L&T)5.02
10Life Insurance Corporation (LIC)4.85

Airtel और HDFC Bank से आगे निकली कंपनी

Jio Platforms की लिस्टिंग ने देश की सबसे मूल्यवान कंपनियों की रैंकिंग में बड़ा बदलाव किया है। करीब ₹12.5 लाख करोड़ के मार्केट कैप के साथ कंपनी ने Bharti Airtel और HDFC Bank जैसी दिग्गज कंपनियों को पीछे छोड़ दिया। अब इसके सामने केवल Reliance Industries है, जिसका मार्केट कैप इससे काफी बड़ा है। Jio की यह एंट्री भारतीय शेयर बाजार के लिए अहम है, क्योंकि इससे देश के टेलीकॉम और डिजिटल कारोबार की वैल्यूएशन को अलग से आंका जा सकेगा।

देश का सबसे बड़ा IPO

Jio Platforms का IPO भारतीय शेयर बाजार के इतिहास का सबसे बड़ा सार्वजनिक निर्गम रहा। इश्यू के जरिए कंपनी ने लगभग ₹30,213 करोड़ जुटाने की योजना बनाई थी। IPO को निवेशकों की मजबूत प्रतिक्रिया मिली और यह कुल मिलाकर 22 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब हुआ। कंपनी ने शेयर का इश्यू प्राइस ₹1,119 तय किया था, जो प्राइस बैंड के ऊपरी स्तर पर था।

53 करोड़ से ज्यादा ग्राहकों का कारोबार

Jio Platforms, रिलायंस समूह के टेलीकॉम और डिजिटल कारोबार का प्रमुख हिस्सा है। इसकी टेलीकॉम इकाई Reliance Jio Infocomm के 530 मिलियन यानी 53 करोड़ से ज्यादा ग्राहक हैं। कंपनी के निवेशकों में Meta Platforms और Google जैसी वैश्विक टेक्नोलॉजी कंपनियां भी शामिल हैं। Jio की लिस्टिंग से निवेशकों को रिलायंस के डिजिटल और टेलीकॉम कारोबार में सीधे निवेश का अवसर मिला है।

    डिस्क्लेमर: TIMESNOW नवभारत किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ या कमोडिटी में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।
    Yateendra Lawaniya
    यतींद्र लवानियाauthor

    प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

    और पढ़ें
    End of Article