Salman Khan new bulletproof car: बॉलीवुड एक्टर सलमान खान (Salman Khan) को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई (Lawrence Bishnoi) से जान से मारने की धमकी मिली है। लॉरेंस बिश्नोई ने जेल से ही एक इंटरव्यू देकर सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी थी। जिसके बाद सलमान खान को ईमेल के द्वारा भी गैंगस्टर ने धमकी भरा पैगाम भेजा था। बीते कई हफ्तों से पुलिस के साथ ही पर्सनल बॉडीगार्ड भी भाईजान की सुरक्षा में चौकन्ना बने हुए हैं। लॉरेंस ने अपनी धमकी में यह साफ कर दिया था कि अगर सलमान खान माफी नहीं मांगते तो उन्हें इसका अंजाम भुगतना होगा। जिसके बाद अब सलमान खान की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एक्टर ने एक नई बुलेटप्रूफ गाड़ी खरीद ली है। सलमान खान को मिली धमकी के बाद अब हर कोई भाईजान की सुरक्षा के बारे में सोच रहा है। अब सलमान खान की इस नई गाड़ी की फोटोज सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।
सलमान खान ने खरीदी बुलेटप्रूफ गाड़ी
गैंगस्टर की धमकी के बाद अब सलमान खान की सुरक्षा में चूक की कोई गुंजाइश नहीं छोड़ी जा रही है। इसी वजह से अब भाईजान ने बुलेट प्रूफ गाड़ी भी खरीद ली है। सलमान ने अपनी सुरक्षा के लिहाज से नई बुलेटप्रूफ Nissan Petrol luxury SUV खरीदी है। इसमें बैठकर 'भाईजान' सुरक्षित महसूस करने वाले हैं। एक्टर की सुरक्षा के लिहाज से इसे एक बेहतरीन कदम माना जा रहा है।
लॉरेंस बिश्नोई से मिली थी धमकी
बता दें कि गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने जेल से ABP न्यूज को दिए इंटरव्यू में कहा, ‘सलमान खान के लिए हमारे समाज में गुस्सा है। उसने मेरे समाज को अपमानित किया। उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था, लेकिन उन्होंने माफी नहीं मांगी। अगर वह माफी नहीं मांगते हैं तो परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहें।' सलमान खान के खिलाफ इस साजिश के बाद मुंबई पुलिस ने भी एक्टर की सुरक्षा बढ़ा दी है।
