बॉलीवुड

Tanushree Dutta का करियर रहा सुपरफ्लॉप, बॉक्स ऑफिस पर एक के बाद एक फिल्में ढेर

तनुश्री दत्ता इन दिनों नाना पाटेकर के निधन के बाद दिए बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। इंटरनेट पर उन्हें ट्रोल किया जा रहा है, तो वहीं इस विवाद के बीच उनके फिल्मी करियर पर भी नजरें टिक गई हैं।

Image

तनुश्री दत्ता का करियर रहा सुपरफ्लॉप (pic credit-instagram/IMDb)

Tanushree Dutta Movies: एक्ट्रेस तनुश्री दत्ता (Tanushree Dutta) एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं, बल्कि उनका बयान है। नाना पाटेकर (Nana Patekar) के निधन के बाद दिए गए उनके बयान को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है और उन्हें ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है। विवादों के बीच तनुश्री का नाम सामने आते ही उनके बॉलीवुड सफर की चर्चा भी तेज हो गई है। कभी बड़े पर्दे पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने वाली तनुश्री की फिल्मी पारी आखिर कितनी सफल रही? कुछ फिल्मों को छोड़ दें, तो उनका करियर बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखा पाया। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-कंपाउंडर और मुन्ना भैया फिर से उड़ाएंगे गर्दा, सामने आया बड़ा अपडेट)

बॉलीवुड में नहीं बना पाई पहचान

तनुश्री दत्ता ने साल 2005 में फिल्म ‘आशिक बनाया आपने’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। इस फिल्म में उनकी मौजूदगी ने दर्शकों का ध्यान खींचा और वह रातोंरात चर्चा में आ गईं। इसी साल उनकी फिल्म ‘चॉकलेट’ की शूटिंग भी शुरू हुई थी, लेकिन ‘आशिक बनाया आपने’ पहले रिलीज हुई। शुरुआती पहचान मिलने के बावजूद तनुश्री अपने करियर में उस सफलता को लगातार कायम नहीं रख सकीं, जिसकी उम्मीद उनसे की जा रही थी। उनकी फिल्मोग्राफी पर नजर डालें, तो हिट फिल्मों की संख्या काफी सीमित दिखाई देती है। ‘भागम भाग’ को बॉक्स ऑफिस पर सफलता मिली, जबकि ‘36 चाइना टाउन’ का प्रदर्शन औसत रहा। इन फिल्मों से इतर उनकी कई फिल्में दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में नाकाम रहीं। धीरे-धीरे उनकी फिल्मों का प्रदर्शन उनके करियर की सबसे बड़ी चुनौती बन गया। बॉलीवुड के बाद तनुश्री ने तमिल सिनेमा में भी अपनी किस्मत आजमाई और फिल्म ‘थीरथा विलायट्टू पिल्लई’ से तमिल फिल्मों में डेब्यू किया। हालांकि, अलग-अलग फिल्म इंडस्ट्री में काम करने के बावजूद वह लगातार हिट फिल्मों की मजबूत लड़ी नहीं बना पाईं। इस तरह दमदार शुरुआत के बाद उनका फिल्मी सफर उम्मीदों के मुताबिक आगे नहीं बढ़ सका।

तनुश्री दत्ता ने फिल्मों में आने से पहले ही अपनी खूबसूरती और टैलेंट के दम पर पहचान बना ली थी। साल 2004 में उन्होंने फेमिना मिस इंडिया यूनिवर्स का खिताब जीता था। इस जीत के बाद उन्हें मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत की ओर से हिस्सा लेने का मौका मिला। इस तरह तनुश्री ने वर्ल्ड स्टेज पर भारत का प्रतिनिधित्व किया। मॉडलिंग की दुनिया में मिली इस सफलता ने उनके लिए फिल्मी जगत के दरवाजे खोले और आगे चलकर उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा।

क्यों चर्चा में हैं तनुश्री दत्ता

तनुश्री दत्ता ने नाना पाटेकर के निधन के बाद प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें अपने लिए ‘ईवल डेड’ कहा। उन्होंने इसके पीछे अपनी जिंदगी में आई परेशानियों और बीते कई सालों के अनुभवों का हवाला दिया। तनुश्री का कहना है कि 2018 में #MeToo के दौरान आरोप लगाने के बाद उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि उन पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया गया और उन्हें लालच भी दिया गया। उन्होंने अपनी गाड़ी के ब्रेक काटे जाने, दुर्घटना और फूड पॉइजनिंग जैसी घटनाओं का भी जिक्र किया। उनके इस बयान पर ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने नाराजगी जताई। संगठन ने उनके शब्दों को असंवेदनशील बताते हुए बयान की आलोचना की। इसके बाद सोशल मीडिया पर भी तनुश्री को लेकर बहस तेज हो गई।

Kumar Sarash
कुमार सरसauthor

कुमार सरस टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उनकी लेखन शैली सरल, स्पष्ट और रोचक है, जो पाठकों को तुरंत जोड़ लेती है। कुमार सरस को बॉलीवुड, टीवी और OTT की ट्रेंडिंग खबरों पर काम करने में खास रुचि है। अब तक उन्होंने 2,500 से अधिक आर्टिकल्स लिखे हैं, जिनमें ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव अपडेट्स और एंटरटेनमेंट फीचर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article