Prem Chopra Discharge From Lilavati Hospital: बॉलीवुड के मशहूर एक्टर प्रेम चोपड़ा ने अपनी एक्टिंग और अंदाज से इंडस्ट्री में जबरदस्त पहचान बनाई है। प्रेम चोपड़ा को सांस लेने में हो रही परेशानी के बाद बीते 8 नवंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रेम चोपड़ा इलाज के लिए मुंबई के लीलावती अस्पताल में एडमिट हुए थे। बताया जा रहा है कि उनकी छाती में जकड़न हो गई थी, जिसका इलाज करीब एक सप्ताह चला। वहीं अब प्रेम चोपड़ा को लेकर बड़ी खबर आ रही है कि उन्हें लीलावती अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। दूसरी ओर उनके परिवार ने भी इस बात की पुष्टि की है कि प्रेम चोपड़ा (Prem Chopra) का स्वास्थ्य अब काफी स्थिर है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, खुद लीलावती अस्पताल के डॉक्टर्स ने बताया है कि प्रेम चोपड़ा (Prem Chopra) को वायरल इंफेक्शन हो गया था, जिसने उनके फेफड़ों पर भी बुरा असर डाला। हालांकि उनकी हालत ज्यादा गंभीर नहीं थी। प्रेम चोपड़ा को पहले से ही हृदय संबंधित बीमारी थी, जिसकी वजह से मेडिकल टीम को कई दिनों तक उन्हें ऑब्जरवेशन में रखना पड़ा। दूसरी तरफ परिवार ने भी प्रेम चोपड़ा के स्वास्थ्य के ठीक होने की पुष्टि की और बताया कि एक्टर ने इलाज पर सकारात्मक रिस्पॉन्स किया है और अब वह घर आने के लिए पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं।
बता दें कि कुछ दिनों पहले प्रेम चोपड़ा (Prem Chopra) के दामाद और एक्टर शरमन जोशी ने भी बताया था कि एक्टर का स्वास्थ्य स्थिर है। उन्होंने कहा था, "सब ठीक है, आप लोगों का शुक्रिया, बस कुछ टेस्क बाकी हैं जो जल्द हो जाएंगे।" प्रेम चोपड़ा की उम्र इस वक्त 90 वर्ष है और उन्होंने कई दशकों तक बॉलीवुड फिल्मों में काम किया है। अभी तक 380 फिल्मों में प्रेम चोपड़ा अपनी मौजूदगी दर्ज करा चुके हैं। उनका डायलॉग 'प्रेम नाम है हमारा, प्रेम चोपड़ा' लोगों को खूब पसंद आया था। बता दें कि प्रेम चोपड़ा के साथ-साथ धर्मेंद्र भी मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती थे। लेकिन तबीयत ठीक होने के बाद गुरुवार को उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया।
